पत्नी साक्षी ने शेयर की धोनी के 39वें बर्थडे की पहली फोटो

खेल डेस्क

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने 7 जुलाई 2020 को अपना 39वां जन्मदिन मनाया। कोविड-19 महामारी के चलते तमाम क्रिकेटर्स इन दिनों अपने घरों में ही हैं। धोनी के जन्मदिन पर हार्दिक पांड्या और कुणाल पांड्या अपने परिवार के साथ रांची पहुंचे थे। धोनी ने 39वां जन्मदिन रांची में अपने फार्महाउस पर ही मनाया। पांड्या फैमिली चार्टर प्लेन से धोनी का जन्मदिन मनाने रांची पहुंची थी। पहली बार धोनी के इस जन्मदिन की फोटो सामने आई है। धोनी की पत्नी साक्षी ने एक फोटो शेयर की है, जिसमें हार्दिक पांड्या, कुणाल पांड्या, धोनी, पंखुड़ी पांड्या और जीवा नजर आ रही हैं।
धोनी की इस फोटो में उनके तीन दोस्त और भी नजर आ रहे हैं, हालांकि खुद साक्षी इस फोटो में नहीं दिख रही हैं। धोनी के बर्थडे सेलिब्रेशन की कोई फोटो या वीडियो अभी तक सोशल मीडिया पर शेयर नहीं की गई थी। साक्षी ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा, ’मिसिंग द हैप्पी स्क्वायड!’ धोनी ने अपना आखिरी इंटरनैशनल मैच पिछले साल जुलाई में खेला था। धोनी को इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के साथ मैदान पर वापसी करनी थी। आईपीएल मार्च में खेला जाना था, हालांकि कोविड-19 के चलते आईपीएल को स्थगित करना पड़ा। ऐसा माना जा रहा है कि इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के स्थगित होने के बाद आईपीएल का आयोजन सितंबर-अक्टूबर-नवंबर वाले विंडो में किया जाएगा। फैन्स को क्रिकेट मैदान पर धोनी की वापसी का बेसब्री से इंतजार है। पिछले साल वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से धोनी क्रिकेट से दूर हैं।

error: Content is protected !!