नड्डा ने भाजपा संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति की घोषणा की

नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बुधवार को घोषित संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) में इस बार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, शाहनवाज हुसैन और जुएल औराम को जगह नही मिली। इनकी बजाय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फणनवीस, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा सरीखे नए चेहरों को पार्टी संसदीय बोर्ड और सीईसी में शामिल किया है। यह पहला अवसर है जब भाजपा संसदीय बोर्ड में किसी सिख चेहरे को जगह दी गई है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने आज पार्टी की सर्वोच्च निर्णायक इकाई संसदीय बोर्ड की घोषणा की। भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी कर संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्यों के नाम घोषित किए । 11 सदस्यीय भाजपा संसदीय बोर्ड में अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, के.लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया और बीएल संतोष (सचिव) शामिल हैं।

नवगठित केंद्रीय चुनाव समिति में 15 सदस्य हैं। अध्यक्ष जेपी नड्डा अध्यक्ष, नरेन्द्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह के साथ बीएस येदियुरप्पा, सर्बाबंद सोनेवाल, के. लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, भूपेन्द्र यादव, देवेन्द्र फणनवीस, ओम माथुर,बीएल संतोष (सचिव) और वंथी श्रीनिवासन (पदेन) को जगह दी गई है।

अजीत

error: Content is protected !!