Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेश देव दीपावली देखने काशी आ सकती हैं राष्ट्रपति मुर्मू, तैयारियां शुरू

 देव दीपावली देखने काशी आ सकती हैं राष्ट्रपति मुर्मू, तैयारियां शुरू

वाराणसी (हि.स.)। काशी की प्रसिद्ध देव दीपावली में इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भी मौजूद रहने की संभावना है। राष्ट्रपति मुर्मू गंगा घाटों के दोनों तरफ लाखों दीयों की झिलमिल रोशनी, सतरंगी विद्युत लड़ियां, आतिशबाजी, तट पर खास लेजर लाइट और फूलों के वन्दनवार गेट, रेड कारपेट पर अद्भुत गंगा आरती की छटा निहारेंगी। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के संभावित आगमन के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। जिले के आला अफसर और प्रदेश के मंत्री भी गंगा किनारे तैयारियों का मोटर बोट से निरीक्षण कर चुके हैं। शहर में वीवीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और रूट का खाका भी बन रहा है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू सात नवंबर को एयरफोर्स के विशेष विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। यहां से राष्ट्रपति हेलीकाप्टर से बनारस रेल इंजन कारखाने के अस्थाई हेलीपैड पर उतरने के बाद कुछ देर गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से सामने घाट क्रूज पर सवार होकर उत्तरवाहिनी गंगा तट पर देवलोक सरीखा देव दीपावली की छटा निहारेंगी। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन की प्रारम्भिक सूचना आ चुकी है। राष्ट्रपति के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारी की जा रही है। राष्ट्रपति बरेका गेस्टहाउस में रात्रि विश्राम करने के बाद दूसरे दिन आठ नवंबर को दिल्ली लौट जाएंगी।

देव दीपावली पर इस बार मुख्य आयोजन राजघाट पर किया जाएगा। राजघाट पर मंच बनाकर देव दीपावली संध्या दीपमाला का आयोजन किया जाएगा। यहीं से क्रूज एवं नावों के जरिए देश-विदेश से आए अतिथियों को काशी के घाटों पर सजने वाली दिव्य और भव्य देव दीपावली की अनुपम छटा दिखाने की व्यवस्था होगी। देव दीपावली की तैयारियों के लिए राज्य शासन से भी बजट जारी हो गया है। इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए करीब पांच करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई है। देव दीपावली पर नावों के संचालन के लिए जल पुलिस ने खास ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular