देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच 86 वर्षीय दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने कोरोना की बूस्टर डोज लगवा ली है। इसके साथ ही उन्होंने सभी से बूस्टर डोज लगवाने की अपील भी की है।
अभिनेता ने बुधवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह बूस्टर डोज लगवाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके साथ लोकल अथॉरिटीज और डॉक्टर्स की टीम भी नजर आ रही है। वीडियो के साथ एक्टर ने लिखा- दोस्तों विनती है, बूस्टर डोज जरूर लें।
वीडियो में धर्मेंद्र कहेृ रहे हैं- बूस्टर ले रहा हूँ, बूस्टर। सबको लेना चाहिए। दर्द भी नहीं हुआ। धर्मेंद्र ने वैक्सीन लगाने वाली नर्स के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद भी दिया। साथ ही यह भी कहा कि मास्क भी लगाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले धर्मेंद्र इन दिनों अपने फार्म हाउस पर हैं। वर्कफ़्रंट की बात करें तो धर्मेंद्र जल्द ही रणवीर सिंह और आलिया भट्ट अभिनीत फिल्म ‘रॉकी एंड रानी की प्रेम कहानी’ में अभिनय करते नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री जया बच्चन और शबाना आजमी भी अहम भूमिका में होंगी। इसके अलावा धर्मेंद्र अपने दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल एवं पोते करण देओल के साथ फिल्म अपने 2 में भी स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
सुरभि सिन्हा/कुसुम
