Monday, April 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशडबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक बच्चे सहित तीन की...

डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक बच्चे सहित तीन की मौत, छह गंभीर

मथुरा(हि.स.)। थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 89 पर दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में छह को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। हादसे की सूचना पाकर मौके पर डीएम पुलकित खरे और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय भी पहुंच गए और उन्होंने क्रेन द्वारा बस को हटवाकर मार्ग को सुचारू करवाया है।

शिव प्रकाश टूर एंड ट्रैवल की डबल डेकर बस संख्या बीआर 07 पीसी 6793 दिल्ली के नरेला से बिहार के पूर्णिया जा रही थी। जैसे ही बस मुथरा जनपद के थाना सुरीर क्षेत्र स्थित माइल स्टोन 89 के करीब पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने के बाद यमुना एक्सप्रेस-वे पर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बस सवार एक बालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा के एसएन मेडीकल कालेज उपचार हेतु भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी पुलकित खरे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय पुलिस फोर्स और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम लेकर मौके पर पहुंच गए। हादसे में घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया।

थाना सुरीर इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि निजी बस पलटने की घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई है। करीब दो दर्जन यात्री घायल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम भेजा गया है।

जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि बस पलटने से हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। अभी मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। घायलों में दिलकुश कुमार (19), आदित्य राज (8), सचिन राज (9), ऋषभ राज (7), सखन दास (45), लीलावती (55), रंजन कुमार (28), ममला कुमारी (25), विलेंद्र राम (25), मानसी कुमारी (14), राम टहल पासवान (40), रामचंद्र (25), दयाराम (22), रामकुमार (38), शिवकुमार (24), पवन कुमार (30), रंजीत (48) और विनय (30) घायल हो गए। घायलों में से आदित्य, कमलेश, लीलावती, विलेंद्र और मंजू की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular