Tuesday, May 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजलती चिता बुझाकर पुलिस ने शव के अवशेष पोस्टमार्टम भेजे

जलती चिता बुझाकर पुलिस ने शव के अवशेष पोस्टमार्टम भेजे

– ससुरालियों पर विवाहिता को मारकर शव जलाने के आरोप

हाथरस (हि.स.)। थाना सदबाद क्षेत्र के गांव समादपुर में मंगलवार को पुलिस ने जलती चिता से एक विवाहिता के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी साक्ष्य संकलित किए। विवाहिता के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव जलाने के आरोप लगाए हैं।

मैनपुरी निवासी रजनी (21) की शादी 20 जून 2022 को सादाबाद के गांव समदपुर के रहने वाले विकास के साथ हुई थी। उसकी बहन आरती की ससुराल भी इसी गांव में है। बहन ने बताया कि मंगलवार को ग्रामीणों ने उसे बताया कि उसकी बहन रजनी की मौत हो गई है। इस पर उसने विकास को फोन किया तो उसने कहा कि तुम घर आ जाओ। जब आरती वहां पहुंची तो रजनी के ससुराल पक्ष के लोग फरार हो चुके थे। वहीं रजनी का शव चिता पर जलता हुआ मिला।

आरती ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता की आग को बुझाकर शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।

थाना सादाबाद प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मृतक रजनी के परिजनों का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे मारकर शव जला दिया और फरार हो गए हैं। शव के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस मौत के पीछे के कारणों की जांच में जुट गई है।

लकी

RELATED ARTICLES

Most Popular