Friday, September 25, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडागोण्डा : शोहदे ने बालिका को चाकू से गोदा, गंभीर हालत में...

गोण्डा : शोहदे ने बालिका को चाकू से गोदा, गंभीर हालत में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस

गोण्डा (हि.स.)। थाना छपिया अंतर्गत एक बालिका को जलाने में असफल होने के बाद एक शोहदे ने चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आनन-फानन में परिजन मामले की सूचना पु​लिस को देने के बाद पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल लेकर भागे। उसका ​उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद परिवार सदमे में है। वहीं, पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर युवक की गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही है। 

जनपद के थाना छपिया के गांव कुसमी निवासी पीड़ित बालिका के बड़े पिता राजकुमार तिवारी ने बताया कि वह बाजार गया था। घर से से फोन पर सूचना मिली कि गांव के विशाल यादव ने बेटी शिवानी पर हमला कर दिया है। अभियुक्त ने पहले मिट्टी का तेल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। लेकिन लाइटर न जल पाने के कारण असफल होने पर बालिका के गले व पेट पर चाकू वार किया। वहीं, उसके हाथ की अंगुलियां भी काट ली। 
उन्होंने बताया कि मेरी बड़ी बेटी और शालिनी दोनों बाउंड्री वॉल के अंदर दरवाजा बंद कर बैठी थी। आरोपित युवक दीवार फांदकर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।
उधर परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर अन्य विधिक कार्यवाही कर रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी, मनिकापुर सोम प्रकाश सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद में छपिया थाना क्षेत्र में एक बालिका पर गांव के ही एक युवक ने हमला कर जख्मी कर दिया है। जिसे स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हालत स्थिर है। पुलिस ने समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर युवक की गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना कर दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular