Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगाजीपुर में नकल गिरोह का भंडाफोड़, सिद्धार्थनगर व बस्ती के परीक्षार्थियों सहित...

गाजीपुर में नकल गिरोह का भंडाफोड़, सिद्धार्थनगर व बस्ती के परीक्षार्थियों सहित 13 गिरफ्तार

– गिरफ्तार आरोपितों में कॉलेज प्रबंधक सहित स्टॉफ कर्मी भी शामिल

गाजीपुर (हि.स.)। जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं में नकल माफियाओं के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। जिला व पुलिस प्रशासन ने नकल विहीन व सुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराए जाने के क्रम में जिला स्तरीय कार्यवाही में करते हुए जखनियां तहसील क्षेत्र स्थित विद्यालयों में छापा मारकर कई परीक्षार्थियों समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के परीक्षार्थी शामिल हैं।

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एंव पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को रायफल क्लब सभागार में संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर नकल माफिया गिरोह का खुलासा किया। बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नगर व क्षेत्राधिकारी भुडकुडा के निर्देशन में 20 फरवरी को सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी रामाश्रय राय, सर्विलांस प्रभारी सुनील तिवारी व थानाध्यक्ष दुल्लहपुर की संयुक्त टीमों ने नकल कराने वाले गिरोह के प्राचार्य, प्रबंधक व फर्जी परीक्षार्थी समेत 14 आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करते हुए 13 को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी फरार हो गया है, जिसकी तलाश में टीमें लगी हैं। नकल मामले में 14 आरोपियों के विरुद्ध थाना दुल्लहपुर पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

जिलाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तगण में ओंमकार नाथ सिंह निवासी ग्राम सरसेना थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ, सुनील सिंह, अजीत प्रताप सिंह पुत्र महेश प्रताप सिंह निवसीगण रेहटीमालीपुर थाना दुल्लापुर जनपद गाजीपुर, मगन पाण्डेय पुत्र भवानी प्रसाद पांडे निवासी मुजहनी महाराजगंज तराई बलरामपुर, विजय पाल सिंह पुत्र दिवाकर सिंह निवसी तेलियाडीह गोल्हौरा सिद्धार्थनगर, ऋषभ सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी खदेवरा रुधौली जनपद बस्ती, सौरभ कुमार पुत्र सुरेंद्र राम देवकली चिरैयाकोट मऊ, बृजेश कुमार पुत्र मोहित राम निवासी नसीरुद्दीनपुर चिरैयाकोट जनपद मऊ, रोशन गुप्ता पुत्र मुन्ना प्रसाद गुप्ता निवासी रेवरीया दुल्लहपुर जनपद गाजीपुर हैं। आरोपी रहमान यादव प्रधानाचार्य डीएसवाई इण्टर कॉलेज फरार चल रहा है। जय मां दुर्गा इण्टर कालेज रेहटीमालीपुर थाना दुल्लहपुर के प्रबन्धक/प्राधानाचार्य को गिरफ्तार कर कार्यवाही की जायेगी।

उन्होंने बताया कि स्वाट टीम ने कार्रवाई के दौरान हाईस्कूल-इण्टरमीडिएट का 43 अदद प्रवेश पत्र, 29 अदद आधार कार्ड, तीन फीस रजिस्टर (अटेंडेंस व फीस रजिस्टर) व कक्षा नौ, 10, 11, 12 का नामनल फार्म, 15 प्रश्नपत्र, एक मानीटर, एक सीपीयू, एक प्रिंटर भी बरामद किया गया है।

श्रीराम जायसवाल

RELATED ARTICLES

Most Popular