Thursday, April 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगड्ढामुक्त मुक्ति का विशेष अभियान तेजी से चालू, अधिकारी करें सघन निरीक्षण-केशव...

गड्ढामुक्त मुक्ति का विशेष अभियान तेजी से चालू, अधिकारी करें सघन निरीक्षण-केशव मौर्य


लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सड़कों के चल रहे गड्ढामुक्त अभियान में ग्रामीण सम्पर्क मार्गों को विशेष प्राथमिकता दी जाए। मरम्मत व पैच वर्क के कार्य गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। अधिकारी इन कार्यों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें, जनता व जनप्रतिनिधि इन कार्यों पर नजर रखें। मिसिंग लिंक मार्गों को भी चयनित कर पूरा कराया जाय। उपमुख्यमंत्री बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने निर्देश दिये कि पुल, पुलियों, आरओबी, फ्लाईओवर आदि जहां भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनकी भी मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करा ली जाए। बरसात के दौरान जहां सड़के क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनकी भी सूची तैयार कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि धार्मिक स्थलों व मेलों को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्गों की मरम्मत भी शीर्ष प्राथमिकता पर करायी जाए। 
उन्होंने कहा कि सभी कार्यों की माइक्रोलेवल पर माॅनिटरिंग की जाय, निरीक्षण किया जाए। कार्य धरातल पर नजर आने चाहिये। उन्होंने जोर देते हुये कहा कि लोक निर्माण विभाग की सभी योजनाओं को मूर्त रूप देने व अमलीजामा पहनाने में कोई कोर कसर बाकी न रखी जाए।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि सांसद आदर्श गांवों में विश्वकर्मा जयन्ती से पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयन्ती तक (17 से 25 सितम्बर तक) विशेष अभियान चलाकर मरम्मत व चौड़ीकरण के कार्य अनिवार्य रूप से कराये जांय। 
गौरतलब है कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस भी है। उन्होंने कहा कि सांसद आदर्श गांव में अगर कहीं रोड कनेक्टीविटी बाकी है, तो उसका प्रस्ताव लेते हुये कार्य कराया जाय।
मौर्य ने निर्देश दिये कि डाॅ. एपीजे कलाम गौरव पथ, मेजर ध्यानचन्द विजय पथ व जय हिन्द वीर पथ की योजनाओं का पूरा विवरण तैयार करते हुये सम्बन्धित सांसदों व विधायकों को उपलब्ध कराया जाए। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जनहित को देखते हुये सभी क्षेत्रों में संतुलित रूप से सड़क, लघु सेतु, सम्पर्क मार्ग आदि के 5-5 काम चिन्हित किये जाएं। इसके लिये एक फार्मेट बनाकर सम्बन्धित अधिशासी अभियन्ताओं से रिपोर्ट ली जाय। यह कार्य 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। 
केन्द्रीय मार्ग निधि की दृष्टि से जो प्रस्ताव मंगाये जाने हैं, मंगा लिये जाए। सामान्य मरम्मत, विशेष मरम्मत व नवीनीकरण के कार्यों में भी तेजी लायी जाए।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची तैयार करते हुये आपदा राहत विभाग के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के सम्बन्ध में चर्चा करते हुये जरूरी कदम उठाये जांय। मौर्य ने निर्देश दिये विशेष और तात्कालिक मरम्मत की दृष्टिकोण से रोड एम्बुलेन्स के कांसेप्ट को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाय और इसका प्रयोग सबसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में नगरीय क्षेत्रों में किया जाए। 
उन्होंने निर्देश दिये प्रख्यात साहित्यकारों, मूर्धन्य कलाकारों व राष्ट्रपति पुरस्कार से अलंकृत शिक्षकों के घरों तक सड़कें बनाये जाने के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाकर इसका अध्ययन कराया जाए। 
उन्होंने कहा कि विभाग और शासन के उच्चाधिकारी भी प्रोग्राम बनाकर फील्ड के कार्यों का अनवरत रूप से निरीक्षण करते रहें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही वह भी विभागीय योजनाओं का निरीक्षण करने फील्ड में निकलेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular