Monday, August 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखेत में मिले दलित नाबालिग दो बहनों के शव, ग्रामीणों ने किया...

खेत में मिले दलित नाबालिग दो बहनों के शव, ग्रामीणों ने किया हंगामा

लखीमपुर खीरी (हि.स.)। जिले के निघासन थाना इलाके में बुधवार देर शाम को दो सगी दलित नाबालिग बहनों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों बहनों के शव एक ही पेड़ से लटके मिले हैं। इसके बाद से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और परिजनों व ग्रामीणों ने चौराहा पर जाम लगा कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

जानकारी के अनुसार निघासन कोतवाली क्षेत्र के गांव तमोलिनपुरवा के बाहरी इलाके में एक दलित परिवार रहता है। बताया गया कि घर पर दोनों बेटियां और उनकी बीमार मां थी। मृतक लड़कियों की मां का आरोप है कि शाम करीब पांच बजे तीन युवक बाइक से आए और उनकी बेटियों को खींचकर ले गए। बाद में गांव से करीब पौन किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में लगे एक पेड़ से दोनों सगी नाबालिग बहनों के शव लटकते मिले। परिजनों का आरोप है कि उन्हीं लोगों ने बेटियों की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया। घटना के बाद निघासन में भारी तनाव का माहौल है। लोगों ने जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे

एसपी संजीव सुमन से ग्रामीणों की कहासुनी भी हुई है। घटना की सूचना पर लखनऊ से आईजी लक्ष्मी सिंह भी गांव पहुंच गईं हैं। पुलिस ने शवों को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आईजी लक्ष्मी सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और घटना के खुलासे से संबंधित दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि गांव के बाहर दो बच्चियों के शव पेड़ से लटके हुए मिले थे। मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular