राज्य डेस्क
देहरादून। उत्तराखंड के चकराता में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया है। यह हादसा चकराता के सुदूरवर्ती इलाके त्यूनी रोड पर सुबह करीब दस बजे हुआ है। चकराता क्षेत्र देहरादून जिले में पड़ता है। बताया जा रहा है कि चकराता के भरम खत के बायला गांव से विकासनगर जा रही गाड़ी (यूटिलिटी) रविवार सुबह बायला-पिंगुवा मार्ग पर गांव से आगे अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के मुताबिक उक्त वाहन में 16 लोग सवार थे। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। 13 मृतकों के शव खाई से बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद हैं। स्थानीय लोग भी राहत-बचाव कार्य में लगे हैं। सूचना पाकर देहरादून से एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड के राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए थे। एसपी रूरल स्वतंत्र कुमार सिंह ने यह जानकारी दी है। एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने बताया घटनास्थल के लिए चकराता और त्यूनी तहसील से राजस्व टीम मौके पर पहुंची है। देहरादून डीएम डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया है कि एसडीएम और एडीएम घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। देहरादून से डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची है। डीएम ने बताया कि उक्त डॉक्टरों द्वारा मौके पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मृतकों और घायलों को आर्थिक सहायता देने के लिए शासन से संस्तुति की गई है। सभी मृतक एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं सड़क हादसे की सूचना के बाद कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह मौके के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता में हुई वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : कट सकता है भाजपा के चार विधायकों का टिकट!
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
