Wednesday, June 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशखच्चरों के साथ कमिश्नरी पर लगा प्रजापति समाज का जमावड़ा

खच्चरों के साथ कमिश्नरी पर लगा प्रजापति समाज का जमावड़ा

मेरठ (हि.स.)। अपनी मांगों को लेकर प्रजापति समाज के लोगों ने खच्चरों के साथ कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर विधानसभा चुनावों में सबक सिखाने की चेतावनी दी।

प्रजावति महासंघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति के नेतृत्व में मंगलवार को प्रजापति समाज के लोगों ने कमिश्नरी पर प्रदर्शन किया। इस दौरान खच्चरों को भी साथ लेकर आए लोगों ने अपनी मांगों को उठाया। दारा सिंह ने कहा कि प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग वर्षों से चली आ रही है, लेकिन राजनीति दलों ने हमेशा उनके साथ अन्याय किया है। आगामी विधानसभा चुनावों में प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की बात अपने घोषणा पत्र में शामिल करने वाले राजनीतिक दलों को ही समर्थन दिया जाएगा। 2013 में वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रजापति समाज के कार्यक्रम में कहा था कि केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की सभी बाधाएं दूर हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और उप्र में सरकार बनने के बाद भाजपा इस मांग को भूल गई है। रमेश प्रजापति ने कहा कि मुलायम सिंह, अखिलेश यादव और गायत्री प्रजापति ने प्रजापति समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने के प्रयास किए, लेकिन हाईकोर्ट में मामला उलझ गया। इस अवसर पर नरेश प्रधान, विनोद भगत, बाबूराम, कुलदीप प्रजापति, सुशील प्रजापति, देवेंद्र प्रजापति, अजय प्रजापति, सुधीर प्रजापति, सुबोध प्रजापति आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular