Monday, August 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य की अपील, मेरे अपमान का बदला मैनपुरी में कमल...

 केशव प्रसाद मौर्य की अपील, मेरे अपमान का बदला मैनपुरी में कमल खिलाकर लें कार्यकर्ता

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एक मार्मिक अपील की है। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि जबसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष फिर लगातार दूसरी बार उप मुख्यमंत्री बनाया, तब से सपा मुखिया अखिलेश यादव मेरे लिए अपमान भरे शब्दों का प्रयोग सदन से लेकर सड़क तक कर रहे हैं। इसका बदला कमल खिलाकर लोकतांत्रिक ढंग से लें !

केशव प्रसाद ने मैनपुरी की जनता से गुंडागर्दी और अराजकता से मुक्ति के लिए भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को लाखों वोटों के अंतर से विजयी बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेता जी मुलायम सिंह यादव का सम्मान सभी करें, वोट कमल को दें।

केशव प्रसाद मौर्य के आरोपों के कुछ ही देर बाद सपा ने उनके लिए बेहद हल्के शब्दों का प्रयोग कर प्रमाणित कर दिया। समाजवादी पार्टी मीडिया सेल के ट्वीटर एकाउंट से केशव प्रसाद मौर्य को चंदाचोरी और भ्रष्टाचार का आरोपी कहा गया। आगे भी बहुत कुछ लिखा है। सपा के मीडिया सेल ने जिन हल्के शब्दों का चयन किया है, उसे लिखा जान उचित नहीं है। हम उसे लिख नहीं सकते। आप सपा के सोशल मीडिया सेल के ट्वीटर अकाउंट पर जाकर देख जरूर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान भी नेता विपक्ष अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य पर व्यक्तिगत टिप्पणी की थी। यहां तक कि केशव के पिताजी तक की बात भी आ गयी थी। इससे केशव प्रसाद मौर्य आहत हुए थे। अब केशव प्रसाद मौर्य का यह दर्द फिर से उभर आया है। केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि भाजपा जहां पिछड़ों का सम्मान कर रही है। वहीं सपा पिछड़ों का अपमान कर रही है। केशव प्रसाद मौर्य का कहना है जब से भाजपा ने उन्हें दोबारा उप मुख्यमंत्री बनाया है, तब से अखिलेश यादव उनका लगातार अपमान कर रहे हैं।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular