आगरा (हि.स.)। आगरा में हरीपर्वत थाना पुलिस ने सट्टा लगते तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक आईएसबीटी के पास कार में बैठ सट्टा लगा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को युवकों के पास से कार, मोबाइल, लैपटॉप और नकदी मिली है।
मामला आगरा के आईएसबीटी के पास का है। यहां नेशनल हाईवे -2 आईएसबीटी के पास पुलिस ने सट्टा लगाते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार हरीपर्वत थाना पुलिस को मुखबिर द्वारा इस घटना की सूचना मिली थी। युवकों की लोकेशन नेशनल हाइवे -2 के पास बताई गई थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस को उनकी लोकेशन आईएसबीटी का पता चला, जिसके पश्चात पुलिस आईएसबीटी पहुंची।
पुलिस ने यहां कार में तीन युवकों को सट्टा लगाते हुए पकड़ लिया। पकडे़ गए युवकों की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र कैलाश चन्द्र निवासी नगला पदी, कपिल अग्रवाल पुत्र भगवानदास अग्रवाल निवासी ट्रांस यमुना, अनूप अग्रवाल पुत्र भगवानदास अग्रवाल निवासी दयालबाग एलोरा एंक्लेव के रूप में हुई है। पुलिस को युवकों के पास से आई-20 कार, 1 लैपटॉप, 6 मोबाइल, 5452 रुपए कैश और 5 पर्चा सट्टा बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
श्रीकांत
