Sunday, May 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा : राजनाथ

कानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा : राजनाथ

मथुरा (हि.स.)। चुनाव प्रचार के लिए शनिवार को मथुरा पहुंचे रक्षामंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह सपा, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सपा तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है और भाजपा समाज को बनाने का काम करती है। कानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा।

राजनाथ सिंह ने बलदेव विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार पूरन प्रकाश के समर्थन में नगला चंद्रभान स्थित दीनदयाल धाम में आयोजित जनसभा में कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हमारी सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवालिया निशान लगाते हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। गलवान घाटी में भारत और चीन के जवानों के बीच हुई झड़प पर कांग्रेस के बयान पर घेरते हुए कहा कि वह (कांग्रेस) भारत के पराक्रम पर सवालिया निशान लगा रही है। जबकि वहां 38 से 50 जवान चीन के मारे गए। उन्होंने कहा कि सीमा पर जाता हूं और जवानों को देखता हूं तो लगता है कि कोई भी भारत के मान, सम्मान और स्वाभिमान को चोट नहीं पहुंचा सकता।

कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। हमारा मानना है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं होनी चाहिए बल्कि समाज बनाने के लिए होनी चाहिए। भाजपा समाज को बनाने का काम करती है। लोगों को एक करने का काम करती है। विकास के काम को लेकर कोई भेदभाव नहीं करती है। मजहब और जाति की राजनीति भाजपा को स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जो दिशा दीनदयाल उपाध्याय ने दी है, उसी के अनुरूप भाजपा काम कर रही है। कानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सरकार में अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की मान प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले दुनिया हमारी बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी, लेकिन अब दावे के साथ कह सकता हूं कि आज भारत कमजोर भारत नहीं है। जब भारत का कोई बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। दुनिया समझती है कि भारत बोल रहा है, इसका कोई मतलब होता है। दुनिया की कोई ताकत हमारी तरफ आंख उठाने की जुर्रत करेगी तो हम इस पार और उस पार जाकर भी मार सकते हैं।

महेश/ पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular