Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेश कानपुर में 23 जनवरी से बारिश की बनी संभावना, गिर सकते हैं...

 कानपुर में 23 जनवरी से बारिश की बनी संभावना, गिर सकते हैं ओले

– किसान भाई इन दिनों फसलों में सिंचाई करने से करें परहेज

कानपुर (हि.स.)। बर्फीली हवाओं के बाद अब तीन तरफ से हवाएं चलने जा रही हैं। इससे कानपुर सहित उत्तर प्रदेश में मास्चर फीड होने जा रहा है और बारिश के साथ ओले पड़ने की भी संभावना है। यह बारिश 23 जनवरी से शुरु होगी जो 26 जनवरी तक चलेगी। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि किसान भाई इन दिनों फसलों पर सिंचाई करने से परहेज करें।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि बादलों की आवाजाही शुरु हो गई है। इसके साथ ही शनिवार से तीन जगह से मॉस्चर फीड कानपुर मण्डल सहित उत्तर प्रदेश में आ रहा है। यानी तीन तरफ से (अरब सागर, बंगाल की खाड़ी के साथ पश्चिमी विक्षोभ) हवाएं आएंगी। यह हवाएं आपस में टकराएंगी जिससे ओले पड़ने की भी संभावना है। बारिश 23 जनवरी से शुरु होगी जो 26 जनवरी तक चलेगी। यह बारिश 20 से 25 मिमी तक हो सकती है। ऐसे में किसान भाइयों को सलाह दी जाती है कि इन दिनों फसलों पर सिंचाई न करें, क्योंकि फसलों पर सिंचाई होने के बाद बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है। 26 जनवरी के बाद दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी, जिससे लोगों को गलन भरी सर्दी से राहत मिल जाएगी।

कानपुर में अधिकतम तापमान 21.4 और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.0 किमी प्रति घंटा रही।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular