Wednesday, June 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकरौली सरकार के आश्रम से पुलिस को नहीं मिला मारपीट का कोई...

करौली सरकार के आश्रम से पुलिस को नहीं मिला मारपीट का कोई साक्ष्य

कानपुर (हि.स.)। नोएडा के चिकित्सक से मारपीट मामले में बिधनू थाने की पुलिस बुधवार रात करौली सरकार आश्रम पहुंची। लगभग दो घंटे पुलिस आश्रम में रही और इस दौरान तलाशी ली तथा बाबा संतोष सिंह भदौरिया से पूछताछ की। लेकिन पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं मिल सका। सवालों के क्रम में बाबा ने जवाब देते हुए कहा कि वह पीड़ित को बगैर छुए उपचार करता है तो मारपीट करने का कोई सवाल ही नहीं उठता है।

पुलिस की जांच के दौरान वारदात के दिन का सीसीटीवी कक्ष में कोई फुटेज नहीं मिल सका। सूत्रों की माने तो जब पुलिस वहां पहुंची तो बाबा के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।

बिधनू थाने में नोएडा निवासी चिकित्सक सिद्धार्थ ने 19 मार्च को करौली सरकार के बाबा संतोष सिंह भदौरिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह अपने माता-पिता और पत्नी के साथ आश्रम आए थे। उन्होंने बाबा से कुछ चमत्कार दिखाने की बात कहते हुए चैलेंज किया। बाबा को यह बात इतनी नागवार गुजरी की अपने गुंडों से हमला करवा दिया। मारपीट करने के बाद उन्हें धक्के मारकर परिवार समेत आश्रम से बाहर निकाल दिया गया। इस वारदात के बाद सोशल मीडिया में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था।

इस प्रकरण की जांच कर रहे बिधनू थाने के उपनिरीक्षक अरविंद सिंह बुधवार रात आश्रम पहुंचे। जहां आश्रम के सीसीटीवी कक्ष से उन्हें कोई साक्ष्य नहीं मिल पाया। सीसीटीवी कैमरे की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने जानकारी दी है कि 15 दिन का ही यहां बैकअप रहता है। यह वारदात एक माह पुरानी है जिससे अब वहां से कोई मारपीट का साक्ष्य नहीं मिल सका। हालांकि पुलिस पीड़ित चिकित्सक को भी जांच के लिए कानपुर बुलाएगी।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular