लखनऊ(हि.स.)। चुनाव आयोग ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के देहांत के बाद खाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव का एलान कर दिया है। इसके साथ ही प्रदेश के सपा नेता आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के बाद खाली रामपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। इन सीटों पर एक साथ पांच दिसम्बर को मतदान कराया जाएगा और आठ दिसम्बर को मतगणना होेगी।
उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट के अलावा रामपुर की विधानसभा सीट पर चुनाव की घोषणा शनिवार को चुनाव आयोग ने कर दी है। इन सीटों पर एक साथ अगले माह पांच दिसम्बर को मतदान होगा। इस सीट पर उपचुनाव से पूर्व समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव सांसद थे और बीते दिनों उनके निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। वहीं सपा नेता आजम खान को भड़काऊ भाषण मामले में बीते दिनों कोर्ट ने तीन साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई थी। उनकी सदस्यता जाने के बाद होने के बाद रामपुर विधानसभा सीट भी खाली हो गई है।
इन दोनों ही सीटों पर 10 से 17 नवम्बर तक नामांकन होगा। 18 को नामांकन प्रपत्रों की जांच होगी। 21 नवम्बर को नामांकन वापसी और फिर पांच दिसम्बर को मतदान होगा, जबकि आठ को मतगणना के बाद परिणाम आएगा। उप्र की इन दोनों सीटों पर उपचुनाव की तारीख घोषित होते ही राजनीतिेक सरगर्मी तेज हो गई है।
मोहित वर्मा
