Thursday, May 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र का वाराणसी देश के 10 सबसे गर्म शहरों में हुआ शुमार

उप्र का वाराणसी देश के 10 सबसे गर्म शहरों में हुआ शुमार

कानपुर(हि.स.)। मार्च महीने में पश्चिमी विक्षोभों की कमजोर स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को उत्तर प्रदेश का वाराणसी शहर देश के 10 सबसे गर्म शहरों में शुमार हो गया और तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। वहीं, राजस्थान का बाडमेर 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एस एन सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि गर्मी से तप रहे उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। गर्म और शुष्क मार्च महीने के बाद अब अप्रैल भारत में हाल के वर्षों में सबसे गर्म महीनों में से एक बनने के लिए तैयार है। इस महीने देश के किसी न किसी इलाके में लू की स्थिति बनी हुई है। मौजूदा गर्म परिस्थितियों से कोई राहत नहीं मिलने वाली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी कि गर्मी की लहर या लू की स्थिति अप्रैल के अंत तक जारी रहेगी। भारत के 10 सबसे गर्म शहरों में तापमान इस प्रकार रहा। (बाड़मेर (45.1), ब्रह्मपुरी (44.7), राजगढ़ (44.6), अकोला (44.5), जैसलमेर और वर्धा (44.4), बीकानेर (44.1), कांडला (43.8), जमशेदपुर (43.6) और वाराणसी (43.4)। वहीं कानपुर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular