कानपुर(हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी क्षेत्र कानपुर के वातावरण में लगातार नमी बनी हुई है। इससे सुबह शाम घना कोहरा छाया रहता है और अब आसमान में ऊंचे बादलों की भी आवाजाही शुरु हो गई है। ऐसे में दिन में खिल रही धूप कमजोर होगी और सर्दी में इजाफा होगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन बारिश की संभावना नहीं है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना डिप्रेशन बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। आज 05:30 बजे आईएसटी पर यह 10.1 डिग्री उत्तर अक्षांश और 84.2 डिग्री पूर्व देशांतर के पास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में था। त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 370 किमी पूर्व उत्तर पूर्व और चेन्नई (तमिलनाडु) से 540 किमी पूर्व दक्षिणपूर्व। यह धीरे-धीरे पश्चिम दक्षिण पश्चिम दिशा में पूरे श्रीलंका में कोमोरिन क्षेत्र की ओर बढ़ेगा। अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 26 और 27 दिसंबर को पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और हिमपात संभव है।
पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे से लेकर अत्यधिक कोल्ड डे की स्थिति संभव है। पंजाब और हरियाणा में घना से बहुत घना कोहरा और दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही शनिवार को पूरे कानपुर मण्डल में कोहरा बना रहेगा।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 46 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं दक्षिण पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल व रात्रि के समय ठंड/कोहरा बना रहेगा।
अजय सिंह
