Tuesday, September 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशआगामी महाकुम्भ भव्य एवं दिव्य होगा : केशव मौर्य

आगामी महाकुम्भ भव्य एवं दिव्य होगा : केशव मौर्य

– उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कुम्भ मेले की तैयारियों को लेकर की बैठक

प्रयागराज (हि.स.)। संगमनगरी में आगामी कुम्भ की तैयारियों को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ मेला अधिकारी कार्यालय सभागार में विभागीय अधिकारियों संग बैठक की। कहा कि आगामी महाकुम्भ 2019 के कुम्भ से भी भव्य एवं दिव्य होगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2019 का दिव्य और भव्य कुम्भ पूरी दुनिया में चर्चा का विषय रहा। आने वाला 2025 का महाकुंभ मेला उससे भी ज्यादा स्वच्छता, सुरक्षा, सांस्कृतिक दिव्यता एवं भव्यता की दृष्टि से एवं धर्मगुरुओं, अतिथियों, कल्पवासियों की व्यवस्था की दृष्टि से सुंदर और बेहतर हो। इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने बैठक में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था, वित्त का समुचित उपयोग, ट्रैफिक मूवमेंट तथा मैनेजमेंट प्लान, विभिन्न अधिकारियों की तैनाती, रेलवे व रक्षा समन्वय समिति का गठन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की योजना सहित अनेक कार्यों को समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद केसरी देवी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, प्रवीण पटेल, पीयूष रंजन निषाद, डॉ वाचस्पति, गुरु प्रसाद मौर्य, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, एमएलसी निर्मला पासवान, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, जिलाध्यक्ष गंगापार अश्वनी दुबे, पार्षद किरन जायसवाल, राजू पाठक, राजन शुक्ला, रामलोचन साहू सहित कई लोग उपस्थित रहे।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इसके पूर्व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं एवं आम जनों की समस्याओं व शिकायतों को सुना। जिसके समाधान के लिए तत्काल सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान पूर्व विधायक दीपक पटेल, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक, राघवेन्द्र सिंह, सुभाष वैश्य, राजन शुक्ला आदि मौजूद रहे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular