Sunday, June 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअराजक तत्वों ने पंडित दीनदयाल की मूर्ति को किया क्षतिग्रस्त, भाजपा नेताओं...

अराजक तत्वों ने पंडित दीनदयाल की मूर्ति को किया क्षतिग्रस्त, भाजपा नेताओं में आक्रोश

जौनपुर(हि.स.)। बदलापुर कोतवाली थाना अंतर्गत सरोखनपुर गांव में राम-जानकी तिराहे पर स्थित भारतीय जनसंघ के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चिन्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आदमकद प्रतिमा को अराजकतत्वों ने तोड़ दी। अराजकतत्वों ने उनकी आदमकद की प्रतिमा से सिर को धड़ से अलग कर दिया और उनके सर को वहीं नीचे रखकर फरार हो गए।

मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने उनकी मूर्ति टूटी देखी तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच पड़ताल में शुरू कर दिया है। मूर्ति टूटने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर चेयरमैन सीमा सिंह के प्रतिनिधि वैभव सिंह सहित भाजपा नेताओं में उन्नत सिंह, हरी लाल मोदनवाल, सुशील निगम, साहबलाल चौधरी,पवन उपाध्याय,योगेश पाण्डेय, हरिनाथ मौर्या, सभी सफाईनायक आदि की भारी भीड़ जमा हो गयी। चेयरमैन प्रतिनिधि की सूचना पर थानाध्यक्ष रोहित मिश्र मय हमराही सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल से प्रतिमा को क्षतिग्रत करने में शामिल छेनी तथा हथौड़ी कब्जे में लेकर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि वार्ड नम्बर छह के सभासद राजू की तहरीर पर अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ प्रतिमा तोड़ने का केस दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।

पूर्व में भी दीपावली पर्व पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क को विद्युत झालर से सजाया गया था। चोर रात को पार्क में लगा वाटर कूलर तथा झालर उठा ले गये। वहीं इस मामले में अधिशासी अधिकारी डा0 अनुपम सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर क्षतिग्रस्त प्रतिमा को पुनर्स्थापित कराया जाएगा।

विश्व प्रकाश/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular