Sunday, September 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या में जल्द बनेगा 'महाराष्ट्र भवन': योगी आदित्यनाथ

अयोध्या में जल्द बनेगा ‘महाराष्ट्र भवन’: योगी आदित्यनाथ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे की मांग काे योगी ने की मंजूर

मुंबई (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उत्तर प्रदेश के अयोध्या में महाराष्ट्र भवन बनाने के लिए जमीन की मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंजूर कर ली है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में जल्द ही महाराष्ट्र भवन बनेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्मान में बुधवार को मुंबई स्थित राजभवन में रात्रि भोज आयोजित किया गया था। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने योगी आदित्यनाथ से अयोध्या में महाराष्ट्र भवन बनाने के लिए जमीन की मांग की। योगी आदित्यनाथ ने तत्काल मुख्यमंत्री शिंदे की इस मांग को मंजूर कर दिया। योगी ने कहा कि इस संदर्भ में प्रशासनिक मंजूरी भी जल्द मिल जाएगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि वे बहुत जल्द अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने के लिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर बदलाव हो रहा है। राज्य में कानून व्यवस्था सुधरी है, इसलिए बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश भी हो रहा है। मुंबई में वे यहां के उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे और उनसे उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए चर्चा करेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश में फिल्म इंडस्ट्री विकसित हो रही है। इन सबसे उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उत्पन्न हो रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस , पूर्व राज्यपाल राम नाईक और सांसद रविकिशन आदि उपस्थित थे।

राजबहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular