Sunday, May 3, 2026
Homeअन्यअमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस 03 मार्च को निरस्त,होली बाद लखनऊ से मुंबई वापसी के...

अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस 03 मार्च को निरस्त,होली बाद लखनऊ से मुंबई वापसी के लिए ट्रेनों में वेटिंग शुरू

लखनऊ (हि.स.)। पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन की वजह से सोमवार को 05211 दरभंगा-अमृतसर स्पेशल ट्रेन का संचालन अचानक निरस्त कर दिया गया है। जबकि 05212 अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस 03 मार्च को निरस्त रहेगी। इसके अलावा होली बाद लखनऊ से मुंबई वापसी के लिए ट्रेनों में वेटिंग शुरू हो गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि किसान आंदोलन के चलते सोमवार को दरभंगा-अमृतसर स्पेशल ट्रेन (05211) का संचालन निरस्त कर दिया गया है। जबकि अमृतसर से 03 मार्च को चलने वाली अमृतसर-दरभंगा स्पेशल ट्रेन (05212) भी निरस्त कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि अमृतसर से 01 मार्च को चलने वाली अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस (04650) अपने निर्धारित मार्ग अमृतसर, जंडियाला, ब्यास की जगह परिवर्तित मार्ग अमृतसर, तरनतारन, ब्यास के रास्ते चलाई जाएगी। जयनगर से 01 मार्च को चलने वाली जयनगर- अमृतसर एक्सप्रेस (04673) निर्धारित मार्ग ब्यास, जंडियाला, अमृतसर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग ब्यास, तरनतारन, अमृतसर के रास्ते चलाई जाएगी। इससे यात्रियों को दिक्कतें हो सकती हैं।
होली बाद लखनऊ से मुंबई वापसी के लिए ट्रेनों में वेटिंग शुरू  होली बाद लखनऊ से मुंबई और दिल्ली लौटने वालों केे लिए आने वाले दिनों में कंफर्म सीटों की दिक्कतें होने वाली हैं। मुंबई की ट्रेनों में वापसी के लिए अभी से वेटिंग शुरू हो गई है। इस बार होली का त्योहार 28 और 29 मार्च को मनाया जाएगा। लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस (12533) में 30 मार्च को स्लीपर क्लास में करीब 25 और थर्ड एसी में 12 वेटिंग चल रही है। 31 मार्च को इसी ट्रेन में स्लीपर और एसी में वेटिंग क्रमश: 150 व 37 पहुंच गई है। 
इसी तरह से 30 व 31 मार्च को कुशीनगर एक्सप्रेस (11016) की स्लीपर और एसी में क्रमश: 04, 06,18 और 08 वेटिंग है। बरौनी-बांद्रा एक्सप्रेस (19040) की स्लीपर में 05 व एसी में 16 वेटिंग है। 31 मार्च को इन श्रेणियों में वेटिंग 22 और 08 है। मुजफ्फरपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस की स्लीपर क्लास में 30 मार्च को करीब 20, और एसी में 05 वेटिंग है। 31 मार्च को स्लीपर और एसी में क्रमश: 12 व 06 वेटिंग चल रही है। हालांकि शताब्दी, लखनऊ मेल, फैजाबाद एक्सप्रेस सहित दिल्ली की कई ट्रेनों में अभी सीटें खाली मिल रही हैं। 

तत्काल की पांच हजार सीटें यात्रियों को देंगी राहत होली का त्योहार जैसे-जैसे करीब आएगा वैसे-वैसे ट्रेनों में वेटिंग और बढ़ने लगेगी। ऐसे में सिर्फ तत्काल सीटों का सहारा बचेगा। लखनऊ मेल, पुष्पक, कुशीनगर, अवध और एसी एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में तत्काल की करीब पांच हजार सीटें हैं। इसके अलावा रेलवे प्रशासन कई होली स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत करने जा रहा है। फिलहाल अभी इसकी घोषणा नहीं की गई है।
एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 30 मार्च को करीब 140 सीटें खाली हैं। जबकि 31 मार्च और एक अप्रैल को खाली सीटों की संख्या क्रमश: 270 व 340 के आस-पास है। गोरखपुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन की स्लीपर में 02 अप्रैल को करीब 40 सीटें खाली हैं। हमसफर एक्सप्रेस में भी 30 मार्च को सीटें खाली हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular