Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअब निजी चिकित्सालय भी दे पायेंगे ऑनलाइन रिपोर्ट

अब निजी चिकित्सालय भी दे पायेंगे ऑनलाइन रिपोर्ट

पंजीकृत अस्पतालों के कर्मियों का एचएमआईएस पोर्टल पर दिया प्रशिक्षण

झांसी(हि. स.)। जनपद के निजी अस्पतालों को भी स्वास्थ्य सेवाओं में चल रहे विभिन्न कार्यक्रमाें में भागीदारी किये जाने के लिए एवं उसकी रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज करने के लिए एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में हुआ।

कार्यशाला में जिला कार्यक्रम प्रबन्धक ऋषिराज के द्वारा हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) के बारें में क्रमवार जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि जनपद में अलग अलग कार्यक्रम के तहत कई निजी अस्पताल पंजीकृत हैं, वह अपने अस्पताल में संचालित कार्यक्रमों के अनुसार ही उसकी ऑनलाइन रिपोर्ट एचएमआईएस पर दर्ज करेंगे। निजी असप्तलाओं को अभी के लिए एक अप्रैल से नवम्बर तक का डाटा ऑनलाइन दर्ज़ करना है। पॉपुलेशन सर्विसेस इंटरनेशनल (पीएसआई) के सिटी मैनेजर अशोक भारती ने निजी अस्पतालों के द्वारा परिवार नियोजन के क्षेत्र में दी जा रही सेवाओं के संबंध में चर्चा की। वहीं टीएसयू से मंडलीय मॉनिटरिंग एंड एवेल्यूशन समन्वयक बलदेव कुलस्ते द्वारा एचएमआईएस पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करना एवं डाउनलोड करने जैसे तकनीकी बिंदुओं पर जानकारी प्रदान की गई।

कार्यशाला के अंत में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एनके जैन ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य है कि सरकारी अस्पतालों से इतर जो सेवाएं सरकार के खर्चे पर (हौसला साझेदारी, आयुष्मान आदि) निजी चिकित्सालयों में दी जा रही है, उनकी जानकारी सब तक पहुंचे, साथ ही उसकी निरंतर रिपोर्टिंग हो सके।

कार्यशाला में एनयूएचएम से नरेश चन्द कुशवाहा, क्वालिटी मेंटर अनुपमा सहित निजी अस्पतालों के संचालक, प्रबन्धक व ऑपरेटर ने प्रतिभाग किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular