लोस चुनाव : गोरखपुर से अब तक संसद नहीं पहुंची कोई महिला

गोरखपुर (हि.स.)। पूर्वांचल की अहम संसदीय सीट गोरखपुर पर अब तक हुए 18 आम चुनाव में कुल 216 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरे। इसमें छह महिलाएं शामिल हैं। लेकिन गोरखपुर की लोगों ने अब तक किसी महिला को अपना सांसद नहीं चुना। पूर्वांचल से समय-समय पर महिला सांसद चुनी गईं, लेकिन गोरखपुर को यह सौभाग्य अब तक प्राप्त नहीं हुआ। बता दें, अबकी बार 2 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं।

1962 में कमला सहाय मैदान में उतरी

गोरखपुर संसदीय सीट पर 1962 के आम चुनाव में पहली बार 1 महिला प्रत्याशी कमला सहाय चुनाव मैदान में उतरी। सोशलिस्ट पार्टी प्रत्याशी कमला सहाय को 9.62 फीसदी वोट मिले और वो चौथे स्थान पर रही। ये चुनाव कांग्रेस के सिंहासन सिंह ने जीता। सिंहासन सिंह को 33.87 फीसदी वोट मिले। दूसरे नंबर पर हिन्दू महासभा के दिग्विजय नाथ रहे। इस चुनाव में 201,558 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करे। इस चुनाव में 51.19 फीसदी वोटिंग हुई।

1996 में 2 महिलाएं मैदान में

11वीं लोकसभा के गठन के लिए 1996 में हुए चुनाव में कुल 37 प्रत्याशी गोरखपुर सीट से अपनी किस्मत आजमाने उतरे। इसमें दो महिलाएं शामिल थी। निर्दलीय प्रत्याशी दुर्गावती और त्रिवेणी गांधी को क्रमश: 414 (0.07 प्रतिशत) और 150 (0.03 प्रतिशत) वोट मिले। चुनाव भाजपा के महंत अवैद्यनाथ ने जीता। उन्हें 236,369 (42.23 प्रतिशत) वोट मिले। कुल 559,700 वोटरों ने चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सपा ने राजमती को टिकट दिया

2014 के चुनाव में गोरखपुर सीट पर 15 प्रत्याशी मैदान में थे, इसमें एक महिला शामिल थी। समाजवादी पार्टी ने राजमती निषाद को टिकट देकर मैदान में उतारा। राजमती का मुकाबला मौजूदा सांसद योगी आदित्यनाथ से था। राजमती को 226,344 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रही। योगी आदित्यनाथ को 539,127 वोट मिले। योगी आदित्यनाथ 312,783 वोटों के अंतर से जीते। इस चुनाव में कुल 10 लाख 4 हजार 199 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में 54.64 फीसदी वोटिंग हुई।

2019 के चुनाव में शून्य महिला प्रत्याशी

17वीं लोकसभा के 2019 में हुए चुनाव में गोरखपुर सीट से 10 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। किसी भी दल ने महिला प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया। हालांकि 2018 में गोरखपुर सीट पर हुए उपचुनाव में दो महिला प्रत्याशी मैदान में थी। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सुरहीता करीम को 18,858 (2.033 प्रतिशत) वोट मिले। डॉ. करीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी मालती के खाते में 2424 (0.26 प्रतिशत) वोट आए। ये चुनाव सपा के प्रवीण कुमार निषाद ने 456,516 (49.31 प्रतिशत) वोट हासिल कर जीता। इस चुनाव में दस प्रत्याशी मैदान में थे।

2024 के चुनाव का हाल

18वीं लोकसभा के लिए हो रहे चुनाव में गोरखपुर संसदीय सीट से कुल 13 प्रत्याशियों में 2 महिलाएं शामिल हैं। समाजवादी पार्टी ने भोजपुरी फिल्म स्टार काजल निषाद को टिकट दिया है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी अमिता भारती चुनावी समर में उतरी हैं।

डॉ. आशीष वशिष्ठ/राजेश

error: Content is protected !!