मेरठ। परतापुर क्षेत्र में धागा फैक्ट्री के बाद शनिवार की देर रात केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर करोड़ों रुपए का माल जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने रविवार सुबह तक आग पर काबू पाया।
परतापुर थाना क्षेत्र के उद्योगपुरम में शुक्रवार की देर रात धागा फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों का माल जलकर खाक हो गया था। शनिवार की सुबह तक फायर ब्रिगेड आग बुझा पाई। इसके बाद शनिवार की देर रात भी परतापुर क्षेत्र में एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। गढ़ रोड स्थित सम्राट पैलेस कॉलोनी निवासी शैलेंद्र रस्तोगी की परतापुर में कुंडा फाटक के पास केमिकल फैक्ट्री है। शनिवार को आधी रात को अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। उस समय फैक्ट्री के अंदर सिक्योरिटी गार्ड और कर्मचारियों के परिवार मौजूद थे। आग की लपटें देखकर आसपास की फैक्ट्री के कर्मचारियों ने केमिकल फैक्ट्री के अंदर घुसकर किसी तरह से कर्मचारियों के परिवारों को बाहर निकाला। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री में केमिकल के ड्रªम फटने लगे। इससे आग और भयानक हो गई। आग की लपटे देखकर पूरे इलाके में लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझानी शुरू की। परतापुर, टीपीनगर समेत कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष राय भी मौके पर डटे रहे। रविवार सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए।
कुलदीप
