Saturday, November 15, 2025
Homeराज्यमुंबई में 83 हजार छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हर्षोल्लास के साथ...

मुंबई में 83 हजार छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हर्षोल्लास के साथ हुआ

– लालबाग के राजा ने विसर्जन के लिए चंद किलोमीटर का सफर 23 घंटे में पूरा किया

– पुणे में लगातार दूसरे दिन भी भक्तगण पूरे जोश के साथ कर रहे हैं गणेश विसर्जन

मुंबई(हि.स.)। मुंबई सहित समूचे महाराष्ट्र में शुक्रवार सुबह तक धूमधाम से भगवान गणेश की विदाई की गई। मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा की प्रतिमा का विसर्जन आज सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर पूरे भक्तिभाव के साथ किया गया। भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ….जैसे जयकारों के साथ अपने प्रिय गणेश को विदाई दी। इसके साथ ही मुंबई में 83 हजार छोटी बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। पुणे शहर में भक्तगण पूरे जोश के साथ बाजे-गाजे सहित भगवान गणेश को विदाई दे रहे हैं।

मुंबई में गणेश विसर्जन गुरुवार को सुबह से ही शुरू हो गया था। लालबाग के राजा गणपति को गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मंडप से विसर्जन स्थल की ओर रवाना किया गया था, लेकिन चंद किलोमीटर का सफर लालबाग के राजा ने 23 घंटे में तय किया। जगह-जगह लालबाग के राजा का स्वागत किया गया। मानो समूची मुंबई भगवान गणेश की मंद-मंद रफ्तार के साथ नाचते गाते कदमताल कर रही थी। शुक्रवार सुबह 8 बजे जब लालबाग के राजा गिरगांव चौपाटी पहुंचे, तो लाखों लोगों ने हाथ उठाकर बप्पा के दर्शन किए। सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर लालबाग के राजा समुद्र के जल में समा गए।

मुंबई में वरली, गिरगांव चौपाटी, जुहू चौपाटी, मार्वे चौपाटी सहित सभी जगह घाटों पर गणेश भक्तों का उत्साह देखने को मिल रहा था। सभी गणेशभक्त ढोल ताशे के ताल पर नाचते थिरकते भगवान गणेश के साथ विसर्जन स्थल की ओर बढ़ रहे थे। इससे पूरा मुंबई महानगर जैसे गणेश मय हो गया था। मुंबई में तकरीबन 20 हजार पुलिस कर्मी शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए थे, जिससे कहीं भी अप्रिय घटना नहीं घट सकी। मुंबई के साथ ही नासिक, पुणे, कोल्हापुर छत्रपति संभाजीनगर आदि जिलों में भी पूरे हर्ष और उल्हास के साथ भगवान गणेश को विदा किया गया और अगले साल जल्द आने की प्रार्थना भक्तों ने की।

राजबहादुर/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular