Friday, November 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेश बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गणपति बाप्पा मोरया की गूंज 18...

 बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में गणपति बाप्पा मोरया की गूंज 18 सितंबर से

वाराणसी (हि.स.)। बाबा विश्वनाथ की नगरी में 18 सितंबर से भगवान गणेश की सप्ताहव्यापी आराधना होगी। शहर के गली-मोहल्लों में गणपति बाप्पा मोरया की गूंज के बीच गणेश चतुर्थी से गणपति बाप्पा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विराजेंगे। छप्पन विनायकों की नगरी काशी में भगवान गणपति के विविध स्वरूपों की नयनाभिराम प्रतिमाओं की सविधि मंत्रोच्चार के साथ आराधना होगी। पंडालों में कहीं पांच दिन तो कही पूरे सप्ताह आराधना होगी।

नूतन बालक गणेशोत्सव समाज सेवा मंडल की ओर से सप्ताहव्यापी महोत्सव स्थानीय विट्ठल मंदिर, दुर्गाघाट मनाया जाएगा। 115वें सप्तदिवसीय महोत्सव में पहले दिन 18 सितंबर को सुबह 08 बजे गणेशोत्सव का उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। मूर्ति की स्थापना वेदमूर्ति वीरेश्वर नारायण दातार व पंडित हेमंत जोशी के आचायर्त्व में उत्सव मंत्री राकेश गजानन केलकर, उत्सव अध्यक्ष डॉ. प्रदीप नारायण डोंगरे करेंगे। तत्पश्चात सहस्रनामार्चन (दूर्वा) से किया जाएगा। शाम 06 बजे काशी में उपलब्ध शाखाओं के वैदिक ब्राह्मणों के द्वारा वसंत पूजा (वेदघोष) का कार्यक्रम होगा। सायं 7.30 बजे हरि भक्त परायण अनंत शास्त्री मुले का नारदीय हरिकीर्तन भी होगा।

संस्था के प्रवीण वसंत पटवर्धन ने शनिवार को बताया कि महोत्सव में दूसरे दिन प्रात: 7 बजे गणेश पूजन व सहस्रनामार्चन (लावा) द्वारा होगा । सायं 7.30 बजे प्रो. प्रद्युम्न शाह की अध्यक्षता में विद्वत सत्कार का कार्यक्रम होगा। इसमें वेदमूर्ति श्रीनिवास लक्ष्मीकांत पुराणिक, प्रो. कमलेश झा व प्रख्यात तबला वादक किशन रामड़ोहकर का सम्मान होगा। तीसरे दिन प्रात: 7 बजे गणेश पूजन व सहस्रनामार्चन (बादाम) द्वारा होगा । शाम 7.30 बजे स्व॰ सुबोध पालन्दे की स्मृति में एलसीडी प्रोजेक्टर पर प्रश्न मंच का कार्यक्रम होगा। चौथे दिन प्रात: 7 बजे गणेश पूजन व सहस्रनामार्चन (काजू) द्वारा होगा। अपरान्ह 4 बजे महिलाओं द्वारा भजन एवं हल्दी रोरी का कार्यक्रम होगा। शाम 7.30 बजे अभय माणके व अमृता माणके (इन्दौर) कीर्तन प्रस्तुत करेंगी। पंचम दिन प्रात: 7 बजे गणेश पूजन व सहस्रानामार्चन (मखाना) द्वारा होगा।

छठे दिन सुबह 07 बजे गणेश पूजन व सहस्रानामार्चन (किशमिश) द्वारा होगा। शाम 7.30 बजे पुरस्कार वितरण व 8.30 बजे पं. पुंडलिक कृष्ण भागवत स्मृति संगीत सम्मलेन का आयोजन होगा। सातवें और अन्तिम दिन प्रात: 7 बजे गणेश पूजन व सहस्रानामार्चन (मोदकों) द्वारा होगा। प्रात: 8 बजे गणेश अथर्वशीर्ष सहस्रावर्तन का कार्यक्रम होगा। अपराह्न 2 बजे भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।

श्रीधर/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular