प्रेम संबंध में हत्या, पुलिस ने पत्नी-पति को किया गिरफ्तार
गोंडा (उप्र), नौ मार्च (भाषा)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने करीब दो माह पूर्व हुए एक युवक की हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका और उसके पति को गिरफ्तार किया है। इटियाथोक के थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि थाना क्षेत्र के बिरमापुर निवासी शकील अहमद बीते 15 जनवरी को 2025 को शादी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, किंतु वह न शादी में गया और न घर लौटा। इसके बाद 18 जनवरी 2025 को उसका शव बरामद होने पर उसकी पत्नी ने सबीना और उसके पति मोहम्मद वकील निवासीगण रानीजोत (अयाह) के खिलाफ नामजद अभियोग पंजीकृत कराया। पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए साक्ष्य संकलन के उपरांत रविवार को पति-पत्नी को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मोहम्मद वकील ने स्वीकार किया कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसका विवाह सबीना से हुआ था। सबीना और शकील के मध्य शादी के पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। हाल ही में उसे इसकी जानकारी होने पर उसने सबीना को शकील से मिलने से मना किया। इसके बाद सबीना ने दूरी बना ली। लेकिन शकील बार-बार संपर्क करने की कोशिश करता रहा और समझाने के बावजूद नहीं माना। वह सबीना के अश्लील वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे अकेले में मिलने के लिए मजबूर करता रहता था। इससे आक्रोशित होकर उसने सबीना के साथ मिलकर शकील को मारने की योजना बनाई। योजना के तहत, 15 जनवरी की शाम सबीना ने शकील को फोन कर घर बुलाया। जैसे ही वह घर आया, दोनों ने मिलकर तकिए से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटर साइकिल से ले जाकर मकदूम पुरवा गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने सबीना और मोहम्मद वकील को आज रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज रवाना किया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तकिया व रस्सी का टुकड़ा बरामद किया गया। नामजद अभियुक्त होने के बावजूद करीब दो माह तक गिरफ्तार न किए जाने के बारे में पुलिस अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।