Wednesday, December 17, 2025
Homeकानपुरगंगा नदी में आठ युवकों की मौत पर कमिश्नरेट पुलिस ने चलाया...

गंगा नदी में आठ युवकों की मौत पर कमिश्नरेट पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

कानपुर(हि.स.)। शुक्रवार को महज कुछ ही घंटों के अंतराल में अलग-अलग गंगा के घाटों पर स्नान करने गये आठ युवकों की मौत हो गई थी। इसको लेकर कमिश्नरेट पुलिस शनिवार को तालाबों, पोखरों व गंगा नदी के किनारे जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने खासकर बच्चों को प्रेमपूर्वक समझाया कि अगर तैरना नहीं आता तो नदियों व पोखरों में स्नान करने से बचें।

जनपद के आकिंन गंगा घाट, खेरेश्वर घाट और बाबा घाट पर शुक्रवार को भीषण गर्मी में स्नान करने गये आठ युवकों की गंगा में डूबने से मौत हो गई थी। यह सभी घटनाएं महज कुछ ही घंटों के अंतराल पर घटी। इनमें आकिंन घाट पर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हुई थी। इन घटनाओं को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस भी व्यथित हो गई और पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने सभी डीसीपी को निर्देश दिये कि जागरूकता अभियान चलाया जाये।

इस पर शनिवार को सभी डीसीपी ने पुलिस बल के साथ गंगा नदी, पोखरों, तालाबों व नहरों में स्नान कर रहे लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने खासकर बच्चों को स्नेहपूर्वक समझाकर सचेत किया कि अधिक गहराई में जाने से बचें। हो सके तो घर पर ही इस भीषण गर्मी में स्नान करें। आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों को भी समझाया गया कि छोटे बच्चों को नहर में न जाने दिया जाए। इसके साथ ही सतर्क दृष्टि बनाये रखें तथा गोताखोरों का उत्साहवर्धन करते हुए बचाव के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

गंगा नदी के किनारे बसे गोताखोरों को उत्साहवर्धन के लिए टी शर्ट भेंट कर सम्मानित किया। पुलिस ने गंगा स्नान कर रहे युवकों को बताया कि गंगा की धारा बहुत तेज होती है। इसलिए अधिक गहराई में स्नान करने से बचें और गंगा में तभी स्नान करें जब तैरना जानते हों। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सभी गंगा घाटों पर पुलिस बल तैनात कर दी गयी है और गोताखोरों को भी सचेत किया गया है।

अजय/दीपक/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular