-स्वास्थ्य कर्मियों की सूची अस्पताल संचालकों से तलब
अयोध्या (हि.स.)। कोरोना महामारी से निपटने के लिए बनाई जा रही वैक्सीन सबसे पहले सरकारी, गैर सरकारी स्वास्थ्य कर्मियों को दी जाएगी। जिसके लिए सभी अस्पताल, क्लीनिक संचालकों से कर्मचारियों की सूची मांगी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बृहस्पतिवार बताया कि कोविड-19 के संक्रमण के खतरे से बचाव के दृष्टिगत भारत सरकार एवं उप्र शासन से आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश मिले हैं। प्रथम चरण में जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी पंजीकृत निजी क्षेत्र के चिकित्सा प्रतिष्ठानों (अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, डायग्नोस्टिक सेन्टर, पैथोलॉजी, लैब, अल्ट्रासाउण्ड सेन्टर आदि) के चिकित्सकों, पैरामेडिकल्स एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े सभी कार्मिकों को कोविड-19 वैक्सीन देने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्वास्थ्य कार्मियो को सूचीबद्ध किया जा रहा है। कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी अयोध्या में पंजीकृत कई निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के चिकित्सक, संचालकों ने कार्यरत कर्मचारियों का कोविड-19 वेक्सीन के लिए डाटाबेस (सूची) तैयार की जानी है। अभी तक गैर सरकारी पंजीकृत निजी क्षेत्र के चिकित्सा संस्थानों से कर्मचारियों की सूची प्रेषित नही की गई है। जिसके कारण अभी राज्य सरकार या भारत सरकार को सूची नहीं भेजीजा सकी है। जो कि अत्यन्त ही खेदजनक है।
सीएमओ ने बताया कि ऐसे में निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानो के चिकित्सकों, संचालकों से कहा गया है कि अविलम्ब शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनके यहां कार्यरत स्वास्थ्य कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराएं। जिससे स्वास्थ्य कार्मिको को वैक्सीन का लाभ प्राप्त हो सके।
