मथुरा (हि.स.)। ऑटो किलर गैंग के साथ बुधवार तड़के मथुरा पुलिस एवं स्वाट टीम, सर्विलांस टीम की मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाशों के गोली लगी है। पुलिस ने घायल दो बदमाशों सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया है। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक ऑटो और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
बुधवार सुबह चार बजे के लगभग सीओ सदर को सूचना मिली कि कुछ बदमाश एक ऑटो मेंं बैठकर किसी वारदात करने की फिराक में हैं। वृंदावन, जमुनापार पुलिस के साथ-साथ स्वाट टीम, सर्विलांस टीम के साथ बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। तीन बदमाशों को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। एक बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
पुलिस अधीक्षक नगर उदय शंकर सिंह ने बताया कि इन बदमाशों ने फरवरी माह से अब तक मथुरा जनपद में तीन लोगों की हत्या की है तथा कई लूट की घटना को अंजाम दिया है। घायल बदमाशों के नाम धर्मेंद्र और सचिन हैं। तीसरा पकड़ा गया बदमाश शिवम है। यह सभी जमुनापार क्षेत्र के ही निवासी हैं, जबकि इनके फरार साथी का नाम राहुल है, जो सदर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। यह गिरोह किलर गैंग की भांति घटना को अंजाम देता है। ऑटो में सवारी बन कर लूट और हत्या करना इनका पेशा है। भागे गए बदमाश की तलाश में इलाका पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही फरार आरोपित पुलिस गिरफ्त में होगा।
राया के व्यापारी की हत्या सहित कई वारदातों को दे चुके अंजाम
सीओ सदर रमेश चंद्र तिवारी के अनुसार इन्हीं बदमाशों द्वारा 15 नवम्बर को राया के व्यापारी दिलीप अग्रवाल की हत्या कर शव को गोसना गांव के पास थाना यमुनापार क्षेत्र अंतर्गत फेंक दिया था तथा विक्रम निवासी सेही थाना शेरगढ़ की 09 नवम्बर को हत्या कर शव यमुना नदी में फेंक दिया था, जिसका शव 15 नवम्बर को बंगाली घाट पर बरामद हुआ। दोनों हत्या लूट के इरादे से सवारी बनाकर टेम्पो में बैठाकर की गई थी।
