Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : व्यापार मंडल ने खोला नगर निगम के खिलाफ मोर्चा

UP News : व्यापार मंडल ने खोला नगर निगम के खिलाफ मोर्चा

मेरठ (हि.स.)। बाजारों में चैकिंग के नाम पर व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ पश्चिम उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय का जोरदार नारेबाजी करते हुए घेराव किया।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पंडित आशु शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर निगम पर प्रदर्शन किया। इस दौरान केसरगंज नगर निगम बाजार को भी बंद रखा गया। आशु शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी व्यापारियों का शोषण करने पर तुले हैं। अतिक्रमण हटाने के नाम पर बिना किसी पूर्व सूचना के व्यापारियों का शोषण किया जाता है। पॉलिथीन चैकिंग के नाम पर नगर निगम का परिवर्तन दल व्यापारियों के साथ गुंडागर्दी करता है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 
शहर के व्यापारियों से सभी तरीके के टैक्स लेने के बाद भी व्यापारियों को कोई भी सुविधा मुहैया नहीं कराई है। जहां उन्होंने मांग रखी कि प्रत्येक बाजार के अंदर शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। नगर निगम ने सीवर लाइन डालने के नाम पर शहर के कई मुख्य बाजारों की सड़कों को खोद दिया है। त्योहारों के समय में व्यापारियों की दुकानों पर ग्राहक तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। जल्द से जल्द उन सड़कों का काम पूरा होना चाहिए। अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम का परिवर्तन दल व्यापारियों का शोषण करता है। अतिक्रमण हटाने मे बाजार  के अध्यक्ष व महामंत्री को भी सूचना नगर निगम के द्वारा दी जानी चाहिए। 
व्यापारियों ने सभी मांगों को लेकर नगर आयुक्त का घेराव कर ज्ञापन दिया गया तथा चेतावनी दी गई कि अगर जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान नहीं होता तो व्यापार मंडल हजारों की संख्या में व्यापारियों के साथ नगर निगम से आर-पार की लड़ाई लड़ने का काम करेगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular