Saturday, April 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : वैक्सीनेशन की बोगस तैयारियां देख डीएम ने सीएमओ समेत...

UP News : वैक्सीनेशन की बोगस तैयारियां देख डीएम ने सीएमओ समेत अन्य अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

– निरीक्षण के दौरान कमियां देख अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

हमीरपुर (हि.स.)। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह ने मंगलवार को दोपहर बाद मुस्करा सीएचसी पहुंचकर कोविड-19 के वैक्सीनेशन की तैयारियों का जायजा लिया। वैक्सीनेशन की बोगस तैयारियां पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुये सीएमओ समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। 
निरीक्षण के दौरान मुस्करा सीएचसी में वैक्सीनेशन की तैयारियां ठीक न पाये जाने और वैक्सीनेशन के लिये सीएचसी में दोनों साइट एक ही स्थान पर बनाने, आब्जर्वेशन तथा वेटिंग कक्ष एक ही स्थान पर बनाये जाने से जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी है। जिलाधिकारी ने सीएमओ समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा है। 
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं शासन द्वारा दिये गए निर्देश के अनुसार रखी जाए। आने जाने हेतु अलग अलग रास्ते रखे जाए, वैक्सीनेशन कक्ष, वेटिंग रूम ,ऑब्जरवेशन रूम, निकास प्वाइंट आदि में पर्याप्त दूरी रखी जाए। कहा कि पायी गयी कमियों को तत्काल दूर किया जाय। इस अवसर पर बीडीओ मुस्करा गजेन्द्र प्रताप सिंह , एमओआईसी मुस्करा अन्य संबंधित मौजूद रहे।
इधर अपर जिलाधिकारी विनय प्रकाश श्रीवास्तव व अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने सुमेरपुर, मौदहा के अस्पतालों में कोविड-19 वैक्सीनेशन के तहत मार्क ड्रिल का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीननेशन कक्ष में टीकाकरण एवं आब्जरर्वेशन रूम में तीस मिनट का वैक्सीन के बाद लाभार्थी को रखे जाने का वैक्सीननेशन ड्राईरन की प्रक्रिया को बड़ी ही बारीकी से परखा।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी  को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिये। उन्होंने कोविड-19 वैक्सीननेशन के बारे में लाभार्थियों को मैसज करने, वैक्सीननेशन को सेन्टर तक पहुचाने और वैक्सीननेशन में रिएक्शन होने पर उससे निपटने तक की प्रक्रिया को सक्रिय रखने पर बल दिया। 
अपर जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में बनाये गये वैक्सीननेशन ड्राईरन के दौरान उपस्थित चिकित्साधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवहारिक जानकारी हासिल की तथा निर्देश दिये कि सभी लाभार्थियों को कोविड-19 टीकाकरण के साथ दिये जाने वाले प्रमुख संदेशों को पम्पलेट के माध्यम से आवश्यक जानकारी अवश्य दी जाये। कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज की तारीख व स्थान की सूचना उनके मोबाईल पर एसएमएस के द्वारा दी जाये। टीकाकरण के बाद भी कोविड उपयुक्त  व्यवहार का पालन करना जारी रखे जिसमें मास्क लगाना, साबुन से हाथ धोना, दो गज की दूरी सहित कोविड-19 में दिये गये नियमों का पालन करने को बताया जाये।

RELATED ARTICLES

Most Popular