Tuesday, January 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : विकास दुबे का लखनऊ स्थित घर भी ढ़हाने के...

UP News : विकास दुबे का लखनऊ स्थित घर भी ढ़हाने के तैयारी

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। कानपुर एनकाउंटर के मुख्य आरोपी विकास दुबे का कानपुर का घर ढहाने के बाद अब लखनऊ के मकान को भी गिराने की तैयारी चल रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों की टीम ने रविवार को इंद्रलोक स्थित विकास दुबे के मकान की नाप जोख कराई। अधिशासी अभियंता कमलजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंचे इंजीनियरों ने इस बात की पड़ताल की कि मकान नक्शे के हिसाब से बना है या नहीं। विकास दुबे के मकान का नक्शा एलडीए को नहीं मिल पाया है। जबकि उसके भाई दीप प्रकाश दुबे के कथित मकान का नक्शा मिल गया है। एलडीए जल्द ही नोटिस जारी करने जा रहा है।
विकास दुबे के मकान को गिराने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। एलडीए के इंजीनियरों ने निरीक्षण के बाद कार्यालय पहुंचकर पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली है। अब नोटिस देकर मकान को तोड़ने की तैयारी है। विकास दुबे के इस मकान पर एलडीए जल्दी ही नोटिस चस्पा कर देगा। जो मकान विकास दुबे के भाई का बताया जा रहा है उसके मालिकाना हक के बारे में एलडीए को कोई पेपर नहीं मिला है। मौके पर पहुंचे इंजीनियरों को मकान में युवती मिली। वह टीम को देखते ही रोने लगी। उसने अधिकारियों से कहा कि उसे परेशान ना किया जाए। युवती ने सरनेम पांडेय बताया। इस मकान की नाप जोख की गई तो यह 1990 में पास नक्शे के हिसाब से ही बना मिला। इसमें कोई अवैध निर्माण नहीं मिला है। जबकि विकास दुबे के मकान का नक्शा ना मिलने की वजह से उसे नोटिस दी जा रही है। उसे नक्शा प्रस्तुत करने के लिए कहा जाएगा। निर्धारित समय में नक्शा ना प्रस्तुत करने पर मकान के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी। इससे पहले शनिवार को ही दिन में प्रशासन की एक टीम ने कानपुर जिले के बिकरू गांव पहुंचकर विकास दुबे के किलेनुमा घर को गिरा दिया। पुलिस मकान को जमींदोज करने के साथ ही विकास की लग्जरी कारों जेसीबी से पूरी तरह से डैमेज कर दिया। इसके साथ ही ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के साथ मकान की एक चीज को नेस्तोनाबूत कर दिया। उधर, विकास दुबे के नेपाल भागने की भी आशंका के चलते लखीमपुर खीरी जिले की पुलिस भी अलर्ट पर है। लखीमपुर खीरी की एसपी पूनम ने बताया कि नेपाल बॉर्डर पर अलर्ट कर दिया गया है। यहां नेपाल से जुड़ी 120 किमी की सीमा है और चार थाने हैं। हर जगह विकास दुबे की फोटो चस्पा कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular