Sunday, December 14, 2025
Homeउत्तर प्रदेशUP News : लूट का विरोध करने पर गुड़ व्यापारी को गोली...

UP News : लूट का विरोध करने पर गुड़ व्यापारी को गोली मारी

मेरठ (हि.स.)। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर गुड़ व्यापारी को गोली मार दी। लोगों द्वारा घेरने पर बदमाश फरार हो गए। भागते हुए बदमाश सीसीटीवी में आ गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया है।

किला परीक्षितगढ़ कस्बे के खजूरी दरवाजा निवासी सुनील गुप्ता गुड़ के थोक व्यापारी हैं। शुक्रवार को सुनील कस्बे में नवीन गुड़ मंडी स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। सुनील को कुछ कोल्हू मालिकों का पेमेंट करना था। जिसके चलते वह अपने साथ बैग में सात लाख रुपए भी लिए हुए थे। घर से कुछ दूर पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने सड़क से पैदल गुजर रहे सुनील के हाथ से रकम से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। सुनील गुप्ता के विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। कमर में गोली लगने से घायल होकर गुड़ व्यापारी जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ लिए। जिसके बाद खुद को घिरते देख लुटेरे बैग छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल सुनील को आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली। 
सीओ सदर देहात ब्रजेश सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई गई है। जिसमें बाइक पर भागते बदमाश नजर आ रहे हैं। उन्होंने घटना के जल्द खुलासे का दावा किया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular