Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : लुटेरे अधिकारी हैं डीआईजी अनंत देव और सीओ त्रिपुरारी...

UP News : लुटेरे अधिकारी हैं डीआईजी अनंत देव और सीओ त्रिपुरारी पाण्डेय : शहीद सीओ

— पूर्व डीजीपी एके जैन से बातचीत में शहीद सीओ देवेन्द्र मिश्रा ने कही बात
— शहीद सीओ और पूर्व एडीजी का आडियो सोशल मीडिया में वायरल 
कानपुर (हि.स.)। देशभर को झकझोर देने वाली घटना बिकरु कांड में शहीद सीओ देवेन्द्र मिश्रा के आये दिन आडियो वायरल हो रहे हैं। यह आडियो पुलिसिंग व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। ऐसा ही एक और आडियो बुधवार को सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वायरल आडियो में शहीद सीओ पूर्व डीजीपी एके जैन से बात कर रहे हैं, जिसमें शहीद सीओ कानपुर में डीआईजी रहे अनंत देव और सीओ त्रिपुरारी पाण्डेय को लुटेरा कह रहे हैं। यही नहीं पूर्व डीजीपी भी सीओ त्रिपुरारी पाण्डेय को कानपुर में लूट मचाने की बात कह रहे हैं। वायरल आडियो से एक बार फिर शहीद सीओ चर्चा में आ गये हैं। 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरु गांव में दो देजुलाई की रा​त दबिश देने गयी पुलिस टीम पर हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे अपने गुर्गों के साथ अधाधुंध फायरिंग कर दी ​थी। इस फायरिंग में सीओ बिल्हौर देवेन्द्र मिश्रा और शिवराजपुर थानाध्यक्ष महेश यादव समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गये थे। घटना के बाद से लगातार शहीद सीओ के आडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें पुलिसिंग व्यवस्था की पोल खुलकर जनता के सामने आ रही है। वायरल आडियो से ही जनता को पता चला कि विकास दुबे की पुलिस विभाग में किस कदर पकड़ थी। यही नहीं घटना से कुछ दिन पूर्व तबादला हुए कानपुर के तत्कालीन डीआईजी व एसएसपी अनंत देव की कार्यशैली पर भी सवाल उठे। इसके बाद बुधवार को एक और आडियो शहीद सीओ देवेन्द्र मिश्रा का वायरल हो गया। इस आडियो में शहीद सीओ पूर्व डीजीपी एके जैन बात कर रहे हैं और यह आडियो कानपुर के एसएसपी बनाये गये दिनेश कुमार पी के चार्ज संभालने से एक दिन पहले का है। शहीद सीओ पूर्व डीजीपी से इस बात ​की सिफारिश कर रहे हैं कि मेरा सर्किल न बदला जाये, इसके लिए आप दिनेश कुमार पी से बात कर लीजिए। आगे बात करते हुए पूर्व डीजीपी कानपुर में तैनात रहे डीआईजी व एसएसपी अनंत के विषय मे बात करते हैं। इस पर शहीद सीओ कहते हैं कि सर वह लुटेरा अधिकारी है। कानपुर में रहते हुए उन्होंने बहुत लूट की है, किसी से सीमेंट तो किसी से लोहा व ईंट आदि लेकर लखनऊ में हवेली खड़ी कर लिये है। यहां पर उन्होंने उन लोगों को चिन्हित किया जिनका रुपया दबा रहता था और उनसे सेटिंग कर सौदा करते थे। इसके अलावा जमीन संबंधित काम भी करते थे। इसमें उनके साले की भूमिका अहम रहती थी और यहीं पर रहकर साला उनका पूरा लूट का धंधा देखता था। पूर्व डीजीपी बताते हैं कि लखनऊ में एलडीए से मैने ही उसे प्लाट उस समय नि:शुल्क इनाम के तौर पर ​दिलाया था जब दस्यु सरगना ददुआ मारा गया था। पूर्व डीजीपी कानपुर में तैनात सीओ ​त्रिपुरारी पाण्डेय के विषय में कहते हैं कि वह तो लूट मचा रखा होगा। इस पर शहीद सीओ कहते हैं कि वह तो जुगाड के दम पर पूरी नौकरी कानपुर में कर ली है। यहां पर वह आरक्षी बनकर आया था और दद्न शुक्ला के माध्यम से शिवपाल यादव की मेहरबानी से सीओ बन गया। शहीद सीओ गृह विभाग के विशेष सचिव एसके भगत के विषय में भी चर्चा करते हैं और दोनो लोग उन्हे इमानदार अधिकारी बताते हैं। इसके साथ ही यह भी कहते हैं कि अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी तो वहां पर कब्जा कर लिये हैं और एसके भगत कुछ नहीं कर पा रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular