एक लाख से अधिक की नकदी, आभूषण, असलहा आदि बरामद
फिरोजाबाद(हि.स.) (अपडेट)। शिकोहाबाद थाना पुलिस व एसओजी टीम ने रविवार की देर रात को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किये गये नौ बदमाश कलुआ गैंग के सदस्य है। इसके साथ ही पुलिस ने एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लाख रुपये से अधिक की नकदी, आभूषण, असलहा बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सोमवार को बताया कि थाना शिकोहाबाद पुलिस व एसओजी टीम की सिरसा नदी के पास रविवार की देर रात को बदमाशों से मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गये, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि सात बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के नाम कासगंज के लालपुर निवासी कलुआ उर्फ सतीश उर्फ कल्ला, हाथरस के बलवीर, गिरीश, कृपाल, गौरी, देवेन्द्र, एटा निवासी पूरन सिंह, हाथरस का प्रवीन और एटा के सतीश बताये गए हैं।
पुलिस ने बदमाशों से पूछताछ के बाद हाथरस के सादाबाद निवासी सुनार मनोज को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों व सुनार के कब्जे से एक स्कार्पियो कार, ज्वैलर्स की दुकानों के शटर व अलमारी काटने के उपकरण, एक रायफल, सात तमंचा, कारतूस, एक लाख से अधिक की धनराशि व सोने चांदी के आभूषण बरामद किये हैं।
गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास है। इन्होंने जनपद के कई थाना क्षेत्रों में ज्वैलर्स की यहां हुई चोरी व डकैती की घटनाओं की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। पुलिस ने उनसे सम्बंधित माल भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी ने बताया यह लोग एक गैंग बनाकर वारदात को अंजाम देते है। इस गैंग का सरगना कलुआ उर्फ सतीश है। गैंग को कलुआ नाम से जाना जाता है। गैंग के सदस्या मोटर साईकिल व अन्य वाहनों से आस पास के जिलों व राज्यों में ज्वैलर्स की दुकानों की रेकी कर स्कार्पियों में सवार होकर डकैती डालते है। डकैती डालते समय किसी के बाधक बनने पर उसकी हत्या तक कर सकते है।
