Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : मवाना में पालिका कर्मचारी पर जानलेवा हमला, फायरिंग

UP News : मवाना में पालिका कर्मचारी पर जानलेवा हमला, फायरिंग

मेरठ (हि.स.)। मवाना कस्बे में बुधवार को बुग्गी टकराने को लेकर हुए मामूली विवाद के दौरान कुछ लोगों ने नगर पालिका में तैनात ड्राइवर पर हमला बोल दिया। इस दौरान लोगों ने ड्राइवर को जमकर पीटा और ताबड़तोड़ फायरिंग की। गुरुवार को पीड़ित ने कई लोगों के खिलाफ घटना की तहरीर दी है। 
मवाना के मौहल्ला तिहाई निवासी तेज सिंह मवाना नगर पालिका में संविदा पर ड्राइवर है। तेज सिंह के मुताबिक, बुधवार को वह टाटा मैजिक गाड़ी में कूड़ा भरकर डंपिंग ग्राउंड में फेंकने गया था। इसी दौरान बुग्गी लेकर आ रहे एक ग्रामीण ने उसकी टाटा मैजिक को टक्कर मार दी। जिस पर तेज सिंह ने विरोध किया तो उस समय ग्रामीण वहां से चला गया। लेकिन कुछ देर बाद ही युवक ने अपने साथियों के साथ तेज सिंह पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने तेज सिंह को सड़क पर गिरा-गिरा कर लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान आरोपितों ने कई राउंड फायरिंग भी की। जिसके चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आरोपित फरार हो गए। गुरुवार को पालिका के कर्मचारियों ने मवाना थाने में हंगामा करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। इंस्पेक्टर मवाना ने बताया कि तेज सिंह ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ घटना की तहरीर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular