मेरठ, 18 मार्च (हि.स.)। जानी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने प्राचीन मंशा देवी मंदिर की मूर्तियां खंडित कर दी। गुरुवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया और जाम लगा दिया। पुलिस ने सात दिन के भीतर घटना के खुलासे का आश्वासन देते हुए ग्रामीणों को शांत किया।
जैनपुर और पेपला गांव के बीच जंगल में प्राचीन मंशा देवी मंदिर है। मंदिर के पुजारी गुलाब दास के मुताबिक, बुधवार की देर रात वह मंदिर परिसर में बने अपने कमरे में सो रहा था। गुरुवार को जागने पर गुलाबदास ने मंदिर में रखीं भगवान की सभी प्रतिमाएं खंडित देखीं तो उसके होश उड़ गए। मामले की जानकारी मिलते ही मंदिर में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जिसके बाद हिंदू संगठन से जुड़े मनजीत सिंह और कई कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद सीओ सरधना आरपी शाही कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने असामाजिक तत्वों पर मूर्तियों को खंडित करने का आरोप लगाते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी। सीओ ने सात दिन के भीतर घटना के खुलासे का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत किया।
UP News : मंदिर में खंडित की भगवान की मूर्तियां, लोगों ने जाम लगाया
RELATED ARTICLES
