हमीरपुर (हि.स.)। निर्माणाधीन काम सुसंगत न होने पर ठेकेदार द्वारा अपने गुर्गे को भेजकर सरीला नगर पंचायत अध्यक्ष के ऊपर जबरिया भुगतान करने का दबाब बनवाने व उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त आरोप लगाते हुये सरीला नगर पंचायत की अध्यक्ष ने रविवार को थाना जरिया में मामला पंजीकृत करवाया है।
सरीला नगर पंचायत अध्यक्ष शैफाली सिंह ने बताया कि ठेकेदार देवेश मिश्रा द्वारा एक काम कराया जा रहा है। जिसमें जमकर धांधली की गई है। जिससे विभाग द्वारा उनका भुगतान रोका गया है। उनके द्वारा जरिया थाना में दिए गए प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया गया है कि बीते 16 तारीख को सुबह करीब 9 बजे देवकरन तिवारी पुत्र बाबूराम तिवारी निवासी ग्राम खेड़ा शिलाजीत उनके निज निवास सरीला महल में आया और ठेकेदार देवेश मिश्रा द्वारा किये जा रहे एक काम का भुगतान कराने हेतु उनके ऊपर दबाव बनाने की कोशिश करने लगा।
बताया कि जब उन्होंने उक्त ठेकेदार के सम्बंध में शिवकरन तिवारी को समझाने की कोशिश की तो वह भड़क गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज करने लगा। बताया कि उसके बावजूद दूसरे दिन एक मोबाइल से उनके फोन पर दोबारा गाली गलौज किया व जान से मारने की धमकी भी दी। जिस पर उन्होंने थाना जरिया में मामला पंजीकृत कराया है। थाना इंचार्ज जरिया ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मामला पंजीकृत कराया गया है।
