UP News : भाजपा मंडलों के कार्यशाला की समीक्षा व स्नातक चुनाव पर बनी रणनीति

प्रयागराज (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी यमुनापार जिला के मंडल प्रशिक्षण कार्यशाला की समीक्षा बैठक व विधान परिषद झांसी स्नातक चुनाव पर योजना बनाने को एक बैठक शुक्रवार की सायं बृजराज गर्ल्स इंटर कालेज छिवकी नैनी में आयोजित की गई। 
 इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने बीसों मंडलों में हुए कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए मंडल अध्यक्षों से वृत्त लेकर उचित दिशा निर्देश दिया। तत्पश्चात् झांसी स्नातक चुनाव पर योजना बनाने के लिए जिलाध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विभूति नारायण सिंह व पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र देव पांडेय ने दिसम्बर माह में होने वाले स्नातक चुनाव हेतु कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मूलभूत विषयों पर चर्चा की। 
जिलाध्यक्ष ने कहा कि डॉ.यज्ञदत्त शर्मा पांचवीं बार चुनाव में जीत हासिल कर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। नरेन्द्र देव पांडेय ने कहा बाहुबलियों को औकात बताना केवल योगीराज में सम्भव है, यह आपको दिखाई दे रहा है। इसलिए कमल खिलाकर डॉ. शर्मा को पुनः विजयी बनाएं। विभूति नारायण सिंह ने कहा भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत विफल नहीं होगी। सभी अपने जिम्मेवारियों का निर्वहन कर लक्ष्य में जुटें। 
स्वागत व आभार मंडल अध्यक्ष चाका पृथ्वी पाल सिंह व संचालन जिला महामंत्री विजय शंकर शुक्ला ने किया। इस दौरान जिला पदाधिकारियों में शोभ नारायण द्विवेदी, त्रिवेणी प्रसाद पांडे, जय सिंह पटेल, ज्ञान नारायण सिंह, राजेश्वरी तिवारी, दिलीप कुमार चतुर्वेदी, रामेश्वर पटेल, विक्रमादित्य मौर्य, मनोज गुप्ता, प्रकाश शुक्ला प्रंचड, शिवराम सिंह परिहार, कृष्ण दास गुप्ता, कमलेश त्रिपाठी आदि पदाधिकारीयों के साथ जिले के सभी मंडल अध्यक्ष व स्नातक चुनाव के जिम्मेवारियों का निर्वहन करने वाले कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!