UP News : भाकियू टिकैत गुट की बैठक में छाया रहा धान न तौले जाने का मुद्दा,आन्दोलन की चेतावनी

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की एक आवश्यक बैठक हुई। बैठक में सरकारी धान केंद्रों में किसानों का धान नहीं तोले जाने पर गहरी नाराजगी जताई गई और चेतावनी दी गई कि यदि किसानों का धान नहीं तौला गया तो किसान चुप बैठने वाले नहीं है और अनिश्चितकालीन आन्दोलन शुरू कर दिया जाएगा। 

मंगलवार को बिन्दकी तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की एक बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी धान केंद्रों में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। केवल व्यापारियों तथा बिचौलियों तथा दलालों का धान तौला जा रहा है, जबकि सीधे-साधे किसानों को बार-बार लौटाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें सुधार नहीं हुआ तो किसान चुप बैठने वाला नहीं है। अनिश्चितकालीन आन्दोलन शुरू कर दिया जाएगा। 
इस मौके पर तहसील अध्यक्ष देवनारायण पटेल ने कहा कि पलेवा के वक्त नहरों में पानी नहीं आ रहा, जिसके चलते खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। वहीं मलवां ब्लाक अध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा किसानों के नलकूपों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे किसान परेशान हैं। इसलिए किसानों के साथ जो नाइंसाफी की जा रही है उसे बंद किया जाए। इस बैठक में खजुहा ब्लॉक अध्यक्ष अंगद सिंह ने पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस किये जाने की मांग की। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के ज्ञानेंद्र पटेल, मनोज कुमार, राज भवन, नरेंद्र, नीरज पटेल, जय नारायण पटेल, धर्मपाल सिंह परिहार आदि ने भाग लिया।

error: Content is protected !!