Thursday, September 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : बिचौलिये दे रहे दिल्ली की सीमा पर धरना, किसान...

UP News : बिचौलिये दे रहे दिल्ली की सीमा पर धरना, किसान काम कर रहा है खेत में : सूर्य प्रताप शाही

– कृषि मंत्री ने कहा, वास्तविक किसान नहीं शामिल है धरना-प्रदर्शन में

लखनऊ (हि.स.)। वास्तविक किसान अपने खेत में काम कर रहे हैं। बिचौलिये दिल्ली की सीमा पर धरना दे रहे हैं। आम किसान 93 प्रतिशत लोग छोटी जोत का किसान है, जो भरण-पोषण का किसान है। ये वे किसान हैं, जो छोटे किसानों की जमीन हथिया ली है। वे सूट-बूट वाले बिचौलिये हैं। ये बातें प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कही।

उन्होंने कहा कि वास्तविक किसान धरना-प्रदर्शन में शामिल नहीं है। मोदी जी द्वारा लाए गये कानून से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी। इससे किसानों को आगे बढ़ने और अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिलने में आसानी होगी।

किसानों की प्रगति के लिए जो भी किया, वह भाजपा सरकार ने किया है। किसान क्रेडिट कार्ड अटल जी ने लाया। उसकी उपयोगिता हर किसान समझ रहा है। मृदा परीक्षण पर ज्यादा जोर, पशु पालकों को भी किसान की श्रेणी में लाकर उन्हें भी सस्ता ऋण मुहैया कराना या किसानों को किसान सम्मान निधि देना सब भाजपा ने ही किया है। कांग्रेस या अन्य विपक्षी दल एक भी ऐसा काम नहीं गिना सकते, जिससे किसानों को लम्बे समय तक फायदा पहुंचा हो।

कृषि मंत्री ने कहा कि जहां तक एमएसपी का सवाल है, वहां भाजपा की ही सरकार में अभूतपूर्व वृद्धि की गयी। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 2013-14 के मुकाबले 2020-21 में गेहूं में 41 प्रतिशत, धान में 43 प्रतिशत, मसूर में 73 प्रतिशत, उड़द में 40 प्रतिशत, मूंग में 60 प्रतिशत, अरहर में 40 प्रतिशत, सरसों में 52 प्रतिशत, चना में 65 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि की गयी है। यह वृद्धि अपने आप में अभूतपूर्व है।

सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है। भाजपा हमेशा किसानों के हित की बात करती है और उनके हित के लिए दृढ़ संकल्पित है। हम किसानों को भगवान भरोसे नहीं छोड़ते। यह नया कानून भी किसानों के लिए एक नया अवसर लेकर आया है। इससे उनको अपना उत्पाद बेचने के लिए नये विकल्प मिलेंगे। उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार से विशेष वार्ता में कहा कि यदि किसी को एक से ज्यादा विकल्प मिलते हैं, तो वह घाटे का सौदा कैसे हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular