बागपत (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि पराली जलाने के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। भट्ठे और फैक्टरियों से प्रदूषण फैल रहा है, जबकि सरकार उन पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
उन्होंने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में किसानों पर पराली जलाने के नाम पर किए जा रहे शोषण पर कहा यह सब ड्रामा है। भट्टे और फैक्टरियों से प्रदूषण फैल रहा है। किसानों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पराली जलाने के मामले पर अपनी कमी को छुपाने के लिए किसानों पर लापरवाही थोप रहे हैं। सरकार से मांग की कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले किसानों का गन्ना भुगतान किया जाए।
नरेश टिकैत ने कहा कि बढ़ते अपराध के चलते बेटियां भी सुरक्षित नहीं है। लड़कियों ने उनके कहने पर जींस पहननी छोड़ दी है। अब लड़कों को भी सभ्य कपड़े पहनने चाहिए। वह युवाओं को जागरूक करेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, इन्द्रपाल चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
