गाजीपुर (हि.स.)। गाजीपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात बर्थडे सेलिब्रेट करने गए ग्राम विकास अधिकारी की होटल कर्मियों द्वारा वाद-विवाद में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार शहर के गोराबाजार निवासी ग्राम विकास अधिकारी विजय यादव (24) की बुधवार को जन्मदिन था। जिसके सेलिब्रेशन के लिए वह परिजनों व मित्रों के साथ नगर क्षेत्र के एक चर्चित कालिका ढाबा पर खाना खाने गए थे। जहां खाना सर्व करने को लेकर ढाबा कर्मियों से उनकी कुछ विवाद हो गई। जिससे नाराज होकर ढाबा कर्मियों ने एक साथ मिलकर लाठी-डंडे इत्यादि से इन लोगों पर हमला कर दिया। जिसमें ग्राम विकास अधिकारी विजय यादव की मौत हो गई, वहीं उनका बड़ा भाई सोम यादव (35) गंभीर रूप से घायल है, जिसका ट्रामा सेंटर वाराणसी में इलाज चल रहा है। पुलिस इस बाबत ढाबे के तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गौरतलब हो कि नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृत्त महेंद्र यादव के पुत्र विजय यादव का बुधवार को जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों के साथ नगर कोतावली के तुलसीपुर स्थित कालिका ढाबे पर जन्मदिन मनाने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसमें विजय यादव व उनके बड़े भाई सोम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विजय को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजवाया, जहां उसकी मौत हो गई, जबकि सोम की हालत गंभीर बनी हुई है।
विजय यादव जौनपुर के चंदवक में ग्राम विकास अधिकारी के पद तैनात थे। वहीं जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ढाबे के तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार ढाबे पर कई बोतल फूटे हुए मिले हैं। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
