प्रयागराज (हि.स.)। क्राइम ब्रांच की नारकोटिक्स टीम एवं धूमनगंज की संयुक्त थाना पुलिस ने शनिवार की दोपहर को स्मैक की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार सदस्यों को हैप्पी होम नर्सिंग होम के पास से गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके कब्जे से 152 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल, एक कार और दो हजार रुपए नगद बरामद किया। बरामद स्मैक की कीमत 17 लाख 45 हजार रुपए है।
अपर पुलिस अधीक्षक गंगापार धवल जायसवाल ने शनिवार की शाम बताया कि पकड़े गए आरोपितों में सराय इनायत के अमरसापुर गांव निवासी धमेन्द्र लसंह, जार्जटाउन के सोहबतियाबाग निवासी नीरज सिंह, इसी थाना क्षेत्र के नेता चौराहा निवासी राजेश कुमार सोनी और सर्वोदय नगर के अल्लापुर निवासी प्रशान्त उपाध्याय है।
