फिरोजाबाद(हि.स.)। थाना दक्षिण क्षेत्र के भीम नगर से रविवार दोपहर लापता हुए दो मासूमों को पुलिस ने आगरा से सकुशल बरामद कर लिया है। रविवार देर रात पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तीन संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना दक्षिण क्षेत्र के भीग नगर गली न. 2 निवासी विपिन कुमार का पुत्र योगेश (4) व प्रेमचन्द्र का पुत्र कुनाल (6) रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे थे। तभी वह अचानक खेलते-खेलते लापता हो गये। परिजनों ने उनकी तलाश की लेकिन नहीं मिले।
परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस पास के लोगों से पूछताछ की। परिजनों ने पास में ही किराये पर रहने वाले एक युवक पर मासूमों को ले जाने का आरोप लगाते हुए अपहरण की आशंका जाहिर की थी। एसएसपी अजय कुमार, एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों व आस पास के लोगों से पूछताछ की थी। एसएसपी ने मासूमों की बरामदगी के लिये पुलिस की 6 टीमों को लगाया था। पुलिस ने रविवार रात दोनों बच्चों को आगरा के भगवान टॉकीज़ के पास से एक ढाबे के बग़ल से बरामद कर लिया।
एसएसपी अजय कुमार ने देर रात थाना दक्षिण में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और जानकारी दी कि दोनों बच्चों को आगरा से बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब इस बात की जानकारी की जा रही है की घटना के पीछे किन-किन लोगों का हाथ है।
उन्होंने बताया कि जिस किराएदार व्यक्ति का नाम आ रहा है, उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही जिस मकान में वह रहता था उसके मकान मालिक और जिस व्यक्ति ने उस किराएदार को कमरा दिलवाया था उनको भी हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। कुल मिलाकर कुछ ही घंटों में बालकों को बरामद करने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बालकों को बरामद करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार का नाम भी दिया है।
UP News : खेलते समय लापता हुए दो बालक आगरा से सकुशल बरामद, पुलिस जांच में जुटी
RELATED ARTICLES
