बांदा (हि.स.)। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन कृषि बिलों का विरोध कर किसान आंदोलन का समर्थन किया। कहा कि कृषि आंदोलन में जिन 11 किसानों की मौत हुई है उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाए।
इस संबंध में जिला अधिकारी के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया है कि नए कृषि कानून में सरकार की एमएसपी को मंडियों के बाहर होने वाली खरीद पर एमएसपी की गारंटी सुनिश्चित कराने का कार्य करें तथा एमएसपी से कम खरीद करने वाली प्राइवेट एजेंसियों पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया जाए।
किसान बिल से आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/ 7 का हटाना, पूंजीवादी व्यवस्था को पोषण करने का काम करेगी। देश की कृषि व्यवस्था कुछ पूंजीपतियों के हाथ में आ जाने से जहां देश की मंडी समिति समाप्त होगी वही देश के किसान की उपज का मूल्य निर्धारण आने वाले समय में कुछ पूंजीपति करने का काम करेंगे यह कभी भी राष्ट्र के हित में नहीं होगा, इसलिए इस बिल पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर वापस लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने किया प्रदर्शन में संजीव सिंह, विनोद द्विवेदी, संदीप अग्रवाल, अजय कुमार गुप्ता, बाबू गुप्ता, रामजी गुप्ता, मुकेश तिवारी।रिजवान अली इत्यादि कार्यकर्ता शामिल रहे।
